यूपी पुलिस में बड़े फेरबदल की तैयारी, लखनऊ को जल्द मिल सकता है नया पुलिस कमिश्नर
पुलिस आयुक्त अमरेन्द्र कुमार सेंगर को डीजी के पद पर पदोन्नत करने की संभावना
लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस महकमे में जल्द बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल देखने को मिल सकता है। सूत्रों के अनुसार, लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस आयुक्त अमरेन्द्र कुमार सेंगर को डीजी (पुलिस महानिदेशक स्तर) के पद पर पदोन्नत किए जाने की संभावना है। उनके पदोन्नत होने के बाद राजधानी लखनऊ को नया पुलिस कमिश्नर मिल सकता है। शासन स्तर पर नए पुलिस कमिश्नर के नाम को लेकर मंथन जारी है और जल्द ही आदेश जारी होने की संभावना जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, डीजी फायर सर्विस सुजीत पांडेय की हैदराबाद स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी के निदेशक पद पर नियुक्ति के बाद उत्तर प्रदेश में डीजी स्तर का एक पद रिक्त हो गया है। राज्य सरकार ने हाल ही में सुजीत पांडेय को कार्यमुक्त भी कर दिया है। इसी के बाद अमरेन्द्र कुमार सेंगर की पदोन्नति का रास्ता समय से पहले साफ हो गया है। पहले उनकी पदोन्नति 30 अगस्त को डीजी ए. मुथा जैन के सेवानिवृत्त होने के बाद प्रस्तावित मानी जा रही थी।
सूत्रों का कहना है कि पुलिस विभाग में आईपीएस अधिकारियों के तबादलों की एक लंबी सूची भी तैयार कर ली गई है। इसमें आईजी रेंज और जोन स्तर के कई अधिकारियों के स्थानांतरण की संभावना है। इसके अलावा पीपीएस से आईपीएस कैडर में हाल ही में पदोन्नत हुए 28 अधिकारियों को भी नई तैनाती दी जा सकती है।
बताया जा रहा है कि प्रमोटी आईपीएस अधिकारियों में से कुछ को पहली बार जिलों की पुलिस कप्तानी की जिम्मेदारी भी सौंपी जा सकती है। इससे कई जिलों में पुलिस अधीक्षकों के स्तर पर भी बदलाव देखने को मिल सकते हैं।सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री की मंजूरी मिलने के बाद जल्द ही तबादलों और नई तैनातियों की सूची जारी की जा सकती है। पुलिस महकमा में इसकी चर्चा इन दिनों जोरो पर है ।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
