10 दिन से लापता बिहार का युवक लखनऊ में मिला, रहीमाबाद पुलिस ने परिजनों से मिलवाया
लखनऊ। कमिश्नरेट लखनऊ की रहीमाबाद थाना पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए मानसिक रूप से अस्वस्थ अवस्था में मिले एक गुमशुदा व्यक्ति को सकुशल उसके परिजनों से मिलवा दिया। करीब 10 दिनों से लापता व्यक्ति के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने लखनऊ पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए पुलिसकर्मियों की सराहना की।
पुलिस के अनुसार, 19 जुलाई 2026 को थाना रहीमाबाद को दूरभाष के माध्यम से सूचना मिली कि ग्राम रसूलाबाद मजरा सुरगौला क्षेत्र में एक व्यक्ति संदिग्ध एवं मानसिक रूप से अस्वस्थ अवस्था में घूम रहा है। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक करन सिंह और आरक्षी शीर्षपाल सिंह मौके पर पहुंचे और व्यक्ति से पूछताछ की।
काफी प्रयास के बाद व्यक्ति ने अपना नाम ओमप्रकाश मिश्रा, पुत्र काशीनाथ मिश्रा, निवासी ग्राम बैजलहा, थाना गोपालपुर, जिला गोपालगंज (बिहार) बताया। इसके बाद पुलिस ने उसके द्वारा बताए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क किया।
फोन पर बात करने वाली श्रीमती अंजनी देवी ने बताया कि ओमप्रकाश मिश्रा उनके पति हैं और चंडीगढ़ में नौकरी करते हैं। उन्होंने पुलिस को जानकारी दी कि पिछले करीब 10 दिनों से उनका परिवार ओमप्रकाश से संपर्क नहीं कर पा रहा था, जिससे सभी लोग बेहद चिंतित थे।
सूचना मिलने के बाद ओमप्रकाश मिश्रा के भतीजे शशिभूषण मिश्रा, पुत्र जयप्रकाश मिश्रा, निवासी ग्राम बैजलहा, थाना गोपालपुर, जिला गोपालगंज (बिहार), तत्काल थाना रहीमाबाद पहुंचे। उन्होंने ओमप्रकाश की पहचान की।
सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद रहीमाबाद पुलिस ने ओमप्रकाश मिश्रा को उनके भतीजे के सुपुर्द कर सकुशल घर भेज दिया।
अपने परिजन को सुरक्षित पाकर परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। परिजनों ने लखनऊ पुलिस की त्वरित कार्रवाई, संवेदनशीलता और मानवीय व्यवहार की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए पुलिस का आभार व्यक्त किया। यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि कानून-व्यवस्था के साथ-साथ उत्तर प्रदेश पुलिस मानवीय सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी का भी पूरी निष्ठा से निर्वहन कर रही है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
