बस स्टेशन के होटल-ढाबों पर खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी
देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने रोडवेज बस स्टैंड के आसपास स्थित होटल, भोजनालय और फास्ट फूड प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया। अभियान के दौरान कई प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबारियों को खाद्य सामग्री ढककर रखने, परिसर व बर्तनों की नियमित सफाई करने, व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने तथा ग्राहकों को केवल ताजा और शुद्ध भोजन परोसने के निर्देश दिए गए। जांच में कुछ प्रतिष्ठानों के फ्रीजर में रखे बासी खाद्य पदार्थ मौके पर ही नष्ट कराए गए। साथ ही सभी कारोबारियों को खाद्य पंजीकरण एवं लाइसेंस प्रतिष्ठान पर अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए।
अभियान के तहत श्री गणेश स्वीट, स्वाद होटल, हैदराबाद बिरयानी, विशाल भोजनालय और श्री गणेश स्वीट्स एंड फास्ट फूड सहित कई प्रतिष्ठानों की जांच की गई। सहायक आयुक्त (खाद्य)-द्वितीय हितेंद्र मोहन त्रिपाठी ने बताया कि बरसात के मौसम को देखते हुए जिले भर में अभियान जारी रहेगा और सड़े-गले फल, सब्जियों तथा अस्वच्छ खाद्य सामग्री बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
तीन दशकों से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय हरि मोहन वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में सब-एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। सटीक भाषा, तथ्यपरक संपादन और समाचारों को संतुलित रूप देने की उनकी क्षमता उनकी पहचान है।
