किसानों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर, विभागों को दिए निर्देश
मुख्य विकास अधिकारी ने की समीक्षा
देवरिया। मुख्य विकास अधिकारी राजेश सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कृषि एवं संबद्ध विभागों की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में कृषि, उद्यान, भूमि संरक्षण, मत्स्य और पशुपालन विभाग की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र किसान तक समयबद्ध ढंग से पहुंचाने के निर्देश दिए गए। सीडीओ ने कहा कि कृषि से जुड़े सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और अधिक से अधिक किसानों को सरकारी योजनाओं से जोड़ें। भूमि संरक्षण विभाग को तालाबों के माध्यम से जल संरक्षण बढ़ाने, आकांक्षात्मक विकास खंडों के लिए परियोजनाएं तैयार करने तथा प्रत्येक विकास खंड में एक चेक डैम की कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए गए।
मत्स्य विभाग की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत पात्र मछुआरों को नाव एवं उपकरण उपलब्ध कराने और अधिक मांग प्रस्ताव शासन को भेजने पर जोर दिया गया। वहीं, राजस्व, विकास और कृषि विभाग की संयुक्त टीम बनाकर फार्मर आईडी और फैमिली आईडी का कार्य शीघ्र पूरा करने तथा फसल बीमा योजना का लाभ सभी पात्र किसानों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए। बैठक में उप कृषि निदेशक सुभाष मौर्य, जिला कृषि अधिकारी उदय शंकर सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
तीन दशकों से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय हरि मोहन वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में सब-एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। सटीक भाषा, तथ्यपरक संपादन और समाचारों को संतुलित रूप देने की उनकी क्षमता उनकी पहचान है।
