हेल्थ ऐप्स में दवा रिमाइंडर से मेडिकल रिकॉर्ड तक सुरक्षित, जाने कैसे करें इस्तेमाल?
Google हेल्थ, Samsung हेल्थ और Apple हेल्थ में रखे स्वास्थ्य से संबंधित जानकारी
- दवा लेने से लेकर इमरजेंसी आईडी और मेडिकल रिकॉर्ड की रख सकता हिस्ट्री
आजकल स्मार्टफोन में मौजूद हेल्थ ऐप्स आपकी सेहत से जुड़ी कई जरूरी जानकारियों को एक जगह सुरक्षित रखने में मदद कर रहे हैं। Google हेल्थ, Samsung हेल्थ और Apple हेल्थ जैसे ऐप्स में दवा लेने का समय, मेडिकल रिकॉर्ड, इमरजेंसी आईडी और नींद से जुड़ी जानकारी को आसानी से मैनेज किया जा सकता है। इन फीचर्स का सही इस्तेमाल न सिर्फ रोजमर्रा की सेहत पर नजर रखने में मदद करता है, बल्कि किसी आपात स्थिति में भी बेहद उपयोगी साबित हो सकता है।
इमरजेंसी मेडिकल आईडी बनाएं, मुश्किल समय में आएगी काम
हेल्थ ऐप्स का मेडिकल आईडी फीचर सबसे उपयोगी सुविधाओं में से एक है। इसमें यूजर अपनी जरूरी स्वास्थ्य जानकारी जैसे ब्लड ग्रुप, एलर्जी, पुरानी बीमारियां, नियमित दवाएं और इमरजेंसी कॉन्टैक्ट नंबर दर्ज कर सकते हैं।
कई स्मार्टफोन में यह जानकारी फोन लॉक होने के बाद भी लॉक स्क्रीन से देखी जा सकती है। दुर्घटना या अचानक मेडिकल स्थिति में डॉक्टरों और राहतकर्मियों को मरीज की स्थिति समझने और इलाज शुरू करने में मदद मिल सकती है।
दवा लेने का समय नहीं भूलेगा ऐप
अगर कोई व्यक्ति नियमित रूप से दवा लेता है या घर में किसी बुजुर्ग को रोजाना दवा लेनी होती है, तो हेल्थ ऐप में दवा का नाम, डोज और समय सेट किया जा सकता है।
इसके फायदे:
- दवा लेने के समय पर रिमाइंडर मिलता है।
- कौन-सी दवा कब ली गई, इसका रिकॉर्ड सुरक्षित रहता है।
- दवा की कोई डोज छूटने पर उसकी जानकारी हिस्ट्री में दिखाई देती है।
- डायबिटीज, ब्लड प्रेशर और थायरॉयड जैसी लंबी अवधि वाली बीमारियों में यह फीचर काफी मददगार हो सकता है।
कैसे करें इस्तेमाल
एंड्रॉयड यूजर्स Google हेल्थ या Samsung Health ऐप खोलकर अपनी प्रोफाइल बना सकते हैं। इसके बाद स्टेप ट्रैकिंग, दवा शेड्यूल, मेडिकल रिकॉर्ड और इमरजेंसी कॉन्टैक्ट जैसी सुविधाओं को एक्टिव किया जा सकता है।
वहीं, iPhone यूजर्स Apple Health ऐप खोलकर ऊपर दिए गए प्रोफाइल आइकन पर टैप करें और मेडिकल आईडी विकल्प में जाकर अपनी स्वास्थ्य संबंधी जानकारी भर सकते हैं। हेल्थ ऐप्स का इस्तेमाल करके यूजर अपनी फिटनेस और मेडिकल जानकारी को बेहतर तरीके से व्यवस्थित रख सकते हैं और जरूरत पड़ने पर तुरंत उपयोग कर सकते हैं।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
