"संकट कटै मिटै सब पीरा, जो सुमिरै हनुमत बलबीरा"
आषाढ़ के तीसरे मंगलवार पर श्री शिव बालाजी धाम मंदिर में गूंजा सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ, श्रद्धालुओं ने चढ़ाया चोला
गाजियाबाद। राकेश मार्ग स्थित गुलमोहर एन्क्लेव सोसायटी के श्री शिव बालाजी धाम मंदिर में आषाढ़ मास के तीसरे मंगलवार के अवसर पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। सायंकाल बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे, जहां सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। इसके उपरांत भक्तों ने पूरे विधि-विधान के साथ संकटमोचन हनुमान जी को चोला अर्पित कर परिवार, समाज एवं राष्ट्र की सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की।
मंदिर के पुजारी पंडित राजीव मिश्रा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना एवं चोला अर्पण की रस्म संपन्न कराई। इस अवसर पर उन्होंने बताया कि हनुमान जी भगवान श्रीराम के अनन्य भक्त, अष्ट सिद्धि एवं नव निधि के दाता तथा कलियुग में शीघ्र प्रसन्न होने वाले देवता माने जाते हैं। उन्होंने कहा कि श्रद्धा और विश्वास के साथ हनुमान चालीसा का पाठ करने से भय, संकट, रोग और नकारात्मकता दूर होती है तथा व्यक्ति के जीवन में साहस, आत्मबल और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। विशेष रूप से मंगलवार के दिन हनुमान जी की पूजा और चालीसा पाठ का अत्यंत पुण्यदायी महत्व है।
पूजा-अर्चना के बाद सभी श्रद्धालुओं ने सामूहिक आरती में भाग लिया तथा प्रसाद ग्रहण किया। मंदिर परिसर पूरे समय "जय श्री राम" और "जय बजरंगबली" के जयघोष से भक्तिमय वातावरण में गूंजता रहा।
इस अवसर पर दिनेश सिंह, रामोतार वैश्य, प्रखर सक्सेना, गौरव बंसल, विशाल विग, काजल चक्रवर्ती, सतीश गुप्ता, अरविंद सिंघल सहित सोसायटी के दर्जनों श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने क्षेत्र में सुख-शांति, समृद्धि एवं सभी परिवारों के कल्याण की प्रार्थना की।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
