उद्घाटन के इंतजार में महीनों से बंद पड़ी लाइब्रेरी, बच्चों की पढ़ाई प्रभावित
हाल ए नगर पंचायत बैतालपुर
देवरिया। जनपद के नगर पंचायत बैतालपुर में लाखों रुपये की लागत से तैयार कराई गई आधुनिक लाइब्रेरी उद्घाटन के अभाव में पिछले कई महीनों से बंद पड़ी है। भवन पूरी तरह तैयार होने के बावजूद इसका संचालन शुरू नहीं हो सका है, जिससे स्थानीय विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को निराशा का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पंचायत के तत्कालीन अधिशासी अधिकारी अमिताभ मणि के कार्यकाल में लाइब्रेरी का निर्माण लगभग पूरा हो गया था। उनके स्थानांतरण के बाद परियोजना पर किसी ने ध्यान नहीं दिया और उद्घाटन न होने के कारण भवन का उपयोग शुरू नहीं हो सका। इससे सरकार की इस महत्वाकांक्षी पहल का लाभ लोगों तक नहीं पहुंच पा रहा है।
क्षेत्र के विद्यार्थियों का कहना है कि यदि लाइब्रेरी खुल जाए तो उन्हें शांत वातावरण में पढ़ाई करने के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर सुविधा मिल सकेगी। वर्तमान में उन्हें निजी पुस्तकालयों या दूर-दराज के अध्ययन केंद्रों का सहारा लेना पड़ता है।
नगरवासियों ने जिलाधिकारी और संबंधित विभाग से जल्द उद्घाटन कर लाइब्रेरी को आमजन के लिए खोलने की मांग की है। उनका कहना है कि लंबे समय तक भवन बंद रहने से सरकारी संसाधनों का भी नुकसान हो रहा है। लोगों को उम्मीद है कि प्रशासन इस मामले का संज्ञान लेकर शीघ्र संचालन शुरू कराएगा, ताकि विद्यार्थियों और युवाओं को इसका लाभ मिल सके।
इस सम्बन्ध में स्थानीय सभासद ऋषिकेश मणि ने बताया कि नगर पंचायत में स्थानीय व ग्रामीण क्षेत्र के छात्रों के लिए लाइब्रेरी का निर्माण कार्य हुआ है जिससे यहां के छात्र सरकार की इस महत्त्वकांक्षी योजना से लाभान्वित हो सकेंगे। वर्तमान में इस भवन में वाल पेंटिंग का कार्य अधूरा है। ठीकेदार कार्य पूर्ण करा कर जैसे ही नगर पंचायत को यह भवन हैण्ड ओवर करेगा वैसे ही लाइब्रेरी का उद्घाटन कराया जा सकेगा।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
तीन दशकों से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय हरि मोहन वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में सब-एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। सटीक भाषा, तथ्यपरक संपादन और समाचारों को संतुलित रूप देने की उनकी क्षमता उनकी पहचान है।
