’हेरा पंचमी पर उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब, महालक्ष्मी की शोभायात्रा बनी आकर्षण का केंद्र’
बीजपुर/सोनभद्र। रिहंदेश्वर धाम महादेव मंदिर समिति द्वारा आयोजित श्रीजगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव के अंतर्गत हेरा पंचमी का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर माता महालक्ष्मी की भव्य शोभायात्रा परंपरानुसार गुंडिचा मंदिर (कल्याण केंद्र) पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने ढोल-नगाड़ों की गूंज और पुष्पवर्षा के बीच उनका भव्य स्वागत किया।
पौराणिक परंपरा के अनुसार भगवान जगन्नाथ के बिना बताए गुंडिचा मंदिर जाने से नाराज माता महालक्ष्मी की लीला का मंचन किया गया। माता महालक्ष्मी की भूमिका निभा रहीं एनटीपीसी रिहंदनगर की प्रथम महिला नीलू असाटी ने भगवान जगन्नाथ से प्रतीकात्मक नाराजगी व्यक्त करते हुए उनके रथ श्नंदी घोषश् के एक भाग को क्षतिग्रस्त किया। इस भावपूर्ण प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को भगवान और माता महालक्ष्मी के प्रेम, स्नेह एवं मानवीय लीलाओं का सजीव दर्शन कराया। पूजन-अर्चन के मुख्य यजमान उपमहाप्रबंधक जी.सी. साहु ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजा संपन्न कराई।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण राधा-रानी की वेशभूषा में पहुंचे सैकड़ों नन्हे-मुन्ने बच्चे रहे। उनकी मनमोहक प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। परियोजना प्रमुख संजय असाटी ने सभी प्रतिभागी बच्चों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान जगन्नाथ, माता सुभद्रा एवं भगवान बलभद्र के विग्रहों का दर्शन-पूजन एवं आरती कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। इसके बाद प्रसाद का वितरण किया गया। थाना प्रभारी राजेश सिंह एवं उपनिरीक्षक कमलाकांत पांडेय अपने सहयोगियों के साथ पूजा पंडाल पहुंचे और भगवान जगन्नाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर परियोजना प्रमुख संजय असाटी, महिला मंडल की अध्यक्षा नीलू असाटी, महाप्रबंधक प्रणय कुमार नायक, मंदिर समिति के अध्यक्ष योगेश त्रिपाठी, उपाध्यक्ष जी.सी. साहु, आर.एन. वर्मा, तुलिका राय, बीएमएस अध्यक्ष राकेश राय, एस.एन. पाठक, प्रमोद द्विवेदी, मीडिया प्रभारी अनंत मोहन, शशांक मालवीय, संजय कुमार, रामानंद यादव, हरिओम मिश्रा, एस.बी. पाठक, रिंकेश उपाध्याय, अवनीश पांडेय सहित मंदिर समिति के पदाधिकारी एवं सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।
