भाई की हत्या का आरोपित हिस्ट्रीशीटर मुठभेड़ में घायल
बरेली । शेरगढ़ थाना क्षेत्र में अपने ही भाई की हत्या के मामले में फरार चल रहे हिस्ट्रीशीटर को मंगलवार सुबह पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। जवाबी फायरिंग में आरोपित के पैर में गोली लगी, जबकि उसकी फायरिंग में एक सिपाही भी घायल हो गया। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त अवैध 12 बोर का तमंचा, कारतूस और एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है।
सीओ बहेड़ी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि, 16 जुलाई को शेरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव खजुआ जागीर निवासी इसरार को उसके बड़े भाई गुड्डू उर्फ तौफीक ने आपसी विवाद में गोली मार दी थी। उपचार के दौरान इसरार की मौत हो गई थी। मृतक की पत्नी की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपित की तलाश की जा रही थी।
मंगलवार सुबह शेरगढ़ पुलिस को सूचना मिली कि आरोपित मोटरसाइकिल से शीशगढ़ की ओर से कस्बापुर पुल की तरफ आने वाला है। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपित मोटरसाइकिल मोड़कर भागने लगा। इसी दौरान बाइक फिसलकर गिर गई। खुद को घिरा देख आरोपित ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसमें आरक्षी अंकुर भाटी घायल हो गए। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिससे आरोपित के दाहिने पैर में गोली लगी और उसे दबोच लिया गया।
पूछताछ में आरोपित ने हत्या में इस्तेमाल किए गए तमंचे से ही अपने भाई की हत्या करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उसके कब्जे से 12 बोर का अवैध तमंचा, दो जीवित कारतूस, दो खोखा कारतूस और स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की। आरोपित शेरगढ़ थाना का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ पहले से 33 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने मुठभेड़, पुलिस टीम पर जानलेवा हमला, आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं में अलग से मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
