जौनपुर में फर्जी आयकर अधिकारी बनकर लूट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश
पुलिस ने होमगार्ड समेत चार को किया गिरफ्तार
जौनपुर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जनपद की रामपुर थाना पुलिस ने फर्जी आयकर अधिकारी बनकर व्यापारियों को निशाना बनाने वाले एक शातिर गिरोह के चार आरोपिताें को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, इनमें एक होमगार्ड भी शामिल है। सोमवार शाम उक्त गिरोह का खुलासा अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह ने किया।
एएसपी ग्रामीण ने बताया कि गिरफ्तार गिरोह के लोग स्वयं को आयकर विभाग का अधिकारी बताकर व्यापारियों की दुकानों पर फर्जी छापेमारी करते थे। छापे का भय दिखाकर व्यापारी को डराते और फिर नकदी व कीमती सामान लूटने का प्रयास करते थे। रविवार को रामपुर थाना क्षेत्र में सर्राफा व्यापारी बरनवाल की दुकान पर भी इसी तरह गिरोह के लोगवारदात करने पहुंचे। आरोपिताें ने व्यापारी की लाइसेंसी रिवॉल्वर भी जबरन अपने कब्जे में ले ली, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपिताें में जलालपुर निवासी रोशन तिवारी शामिल है, जो घर पर रहकर संघ लोक सेवा आयोग की तैयारी कर रहा था। दूसरा आरोपित मुंगराबादशाहपुर निवासी अजय पटेल है, जो गाड़ी चालक है। तीसरा आरोपित दिलीप कुमार मूल रूप से वाराणसी का निवासी है और वर्तमान में मुंगराबादशाहपुर में किराए पर रहकर 'माँ अम्बे होंडा मोटर्स' में कार्यरत है। चौथा आरोपित सिकरारा निवासी राजेश कुमार उपाध्याय है, जो जौनपुर पुलिस की पीआरवी-8545 पर होमगार्ड के पद पर तैनात है। वहीं फरार पांचवां आरोपित सिकरारा निवासी जितेंद्र सिंह है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपिताें के कब्जे से 30 से 35 फर्जी आयकर विभाग के पहचान पत्र, बड़ी संख्या में फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस बरामद किए हैं। घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन भी कब्जे में ले लिया गया है।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि वाहन सूर्य प्रकाश पटेल का है, जिसे तीसरे व्यक्ति के माध्यम से किराए पर लिया गया था।पुलिस को आशंका है कि गिरोह पहले भी इसी तरह की कई घटनाओं को अंजाम दे चुका है। आरोपिताें के आपराधिक इतिहास और उनके संभावित नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है। थाना रामपुर में सभी आरोपिताें के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपितों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है, जबकि फरार आरोपित की तलाश जारी है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
