गोरखपुर (सुधाकर त्रिपाठी की रिपोर्ट ): भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय ने मंगलवार को छात्रसंघ चौराहा के समीप स्थित एक रेस्टोरेंट में मीडिया के बंधुओं से शिष्टाचार मुलाकात की। मीडिया के सवालों के जवाब में दावा किया कि गोरखपुर क्षेत्र के सभी 62 विधानसभा सीटों पर भाजपा 2027 के चुनाव में शत प्रतिशत जीत हासिल करेगी।
क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा संगठन के पास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जैसा परिश्रमी, लोकप्रिय व यशस्वी नेतृत्व है। बूथ स्तर तक पार्टी का प्रभावी ढांचा है। इसकी बदौलत भाजपा प्रदेश में लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी। सपा, कांग्रेस समेत विपक्षी दलों के साजिश के मंसूबे को 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा सफल नहीं होने देगी। अपने गृह जनपद आजमगढ़ में भाजपा के खराब प्रदर्शन के सवाल पर क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी यहां इतिहास रचेगी। इसके पीछे कारण आजमगढ़ में हुए विकास कार्य एवं भाजपा का जनाधार है।
एक सवाल के जवाब में क्षेत्रीय अध्यक्ष ने बताया कि 22 जुलाई बुधवार को गोरखपुर क्षेत्र के सभी 62 विधानसभा क्षेत्रों में बूथ अध्यक्षों का सम्मेलन आयोजित है। प्रदेश, क्षेत्र एवं जिला संगठन की ओर से बूथ अध्यक्षों के सम्मेलन की तैयारी पूर्ण कर ली गई है। इस सम्मेलन के बाद भाजपा के बूथ स्तर के संगठन में ऊर्जा का संचार होगा, जिसका ऐतिहासिक परिणाम 2027 के विधानसभा के चुनाव में देखने को मिलेगा।
इस मौके पर भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष/विधान परिषद सदस्य डॉ धर्मेंद्र सिंह, गोरखपुर महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी डॉ बच्चा पांडेय नवीन, सह मीडिया प्रभारी राहुल तिवारी, महानगर मीडिया प्रभारी चंदन आर्य प्रमुख रूप से मौजूद रहे।