मोबाइल चोरी के शक में युवक की पीट-पीटकर हत्या, 6 गिरफ़्तार
नोएडा: रोजगार की तलाश में हरदोई से नोएडा आए प्रमोद कुमार (27) की मोबाइल चोरी के शक में पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। कोतवाली फेज-1 क्षेत्र के हरौला गांव में सोमवार रात आरोपियों ने युवक को घेरकर लात-घूंसों से बुरी तरह पीटा। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने संतोष कुमार मंडल (30), करण कुमार मंडल (23), सुरेश मंडल (48), रौनक कुमार मंडल (19) और निखिल उर्फ ब्रेवो (22) को गिरफ्तार कर लिया। एक नाबालिग को भी अभिरक्षा में लिया है।
ये खबर भी पढ़े : आरक्षण का आधार आर्थिक करने की मांग, सामान्य वर्ग के सैकड़ों लोगों ने किया प्रदर्शन; राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापनसंतोष और करण बिहार के सुपौल, सुरेश और रौनक मधुबनी तथा निखिल उर्फ ब्रेवो आरा के रहने वाले हैं। सभी वर्तमान में हरौला में किराये पर रह रहे थे।
आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में बताया कि 31 अगस्त की रात प्रमोद उन्हें अपने किराये के मकान के पास दिखाई दिया था। वे उसे पहले से नहीं जानते थे। उसे संदिग्ध मानकर पूछताछ की गई और मोबाइल चोरी के शक में मारपीट कर दी गई।
पोस्टमार्टम के बाद प्रमोद का शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिवार शव को लेकर हरदोई रवाना हो गया, जहां उसका अंतिम संस्कार किया जाएगा। परिजनों का कहना है कि प्रमोद परिवार की मदद करने और रोजगार पाने की उम्मीद से नोएडा आया था।
एडीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि मृतक आठवीं कक्षा तक पढ़ा था और अविवाहित था। उसके परिवार में चार बहनें और दो भाई हैं। वह अपने गांव के परिचित नीरज लोधी के पास हरौला आया था।
सोमवार दोपहर प्रमोद नीरज के कमरे के आसपास मौजूद था। इसी दौरान सुरेंद्र अवाना के मकान में रहने वाले एक व्यक्ति ने उस पर उसकी पत्नी का मोबाइल चोरी करने का आरोप लगा दिया। इसको लेकर वहां विवाद और हंगामा होने लगा।
रात करीब 10 बजे वह दोबारा उसी इलाके में पहुंचा। आरोप है कि पहले से नाराज लोगों ने उसे घेर लिया और मोबाइल चोरी का शक जताते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
लात-घूंसों से पिटाई के बाद प्रमोद गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर गया। घटना की जानकारी मिलने पर नीरज लोधी, सुशील और विजय मौके पर पहुंचे। तीनों प्रमोद को लेकर जिला अस्पताल सेक्टर-39 पहुंचे। डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
