आरक्षण का आधार आर्थिक करने की मांग, सामान्य वर्ग के सैकड़ों लोगों ने किया प्रदर्शन; राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
कौशाम्बी। जिले में आरक्षण व्यवस्था का आधार आर्थिक करने समेत विभिन्न मांगों को लेकर सोमवार को सामान्य वर्ग के सैकड़ों लोगों ने जिला मुख्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद करते हुए जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन अपर जिलाधिकारी को सौंपा। कार्यक्रम का आयोजन सवर्ण आर्मी, ब्राह्मण समाज, सिंह ऋषि सिंगरौर क्षत्रिय समिति और क्षत्रिय स्वाभिमान संगठन के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। अगुवाई सवर्ण आर्मी के जिलाध्यक्ष अभिषेक पांडे ने की।
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि आरक्षण व्यवस्था में आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। सवर्ण आर्मी के जिलाध्यक्ष अभिषेक पांडे ने कहा कि आरक्षण का आधार आर्थिक किया जाना चाहिए, ताकि जरूरतमंद और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को इसका वास्तविक लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि जो लोग पहले से आरक्षण का लाभ लेकर आर्थिक एवं सामाजिक रूप से मजबूत हो चुके हैं, उनकी जगह विभिन्न जातीय वर्गों के आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को प्राथमिकता देने पर विचार किया जाना चाहिए।
प्रदर्शनकारियों ने वर्ष 2026 में यूजीसी से जुड़े नए नियमों की समीक्षा किए जाने तथा एससी-एसटी एक्ट के प्रावधानों में अधिक पारदर्शिता लाने की मांग भी उठाई। वक्ताओं ने कहा कि संविधान में सभी नागरिकों को समानता और मौलिक अधिकार प्रदान किए गए हैं, इसलिए नीतियों और व्यवस्थाओं में भी समान अवसर तथा पारदर्शिता सुनिश्चित की जानी चाहिए।
ज्ञापन में राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल, मुख्यमंत्री सहित संबंधित संवैधानिक संस्थाओं से मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार करने का अनुरोध किया गया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उनकी मांगों पर संवैधानिक एवं कानूनी प्रक्रिया के तहत उचित निर्णय लिया जाना चाहिए।
प्रदर्शन में सोम प्रकाश मिश्रा, अखिलेश दुबे, विनय त्रिपाठी, सुनील गर्ग, कौशलेश द्विवेदी, सच्चिदानंद मिश्र, विश्वजीत, मूलचंद, सुधीर मिश्रा, अजय, प्रभाकांत, शुभम पांडे, रोहित द्विवेदी, विपिन सिंह, सतीश सिंह, उपेंद्र गर्ग, विवेक सिंह, राठौड़, विवेक तिवारी, चंद्रकांत मिश्रा, प्रवीण शुक्ला, आशीष त्रिपाठी, आशीष यादव, अतुल शुक्ला, ओमप्रकाश, अभय, वेद प्रकाश, अभिषेक, पारुल, वीरेंद्र, राजीव, सुधीर, मूलचंद, सतीश चंद्र, अनूप कुमार, कपिल पांडे, शिवम पांडे, कमल पांडे, विपिन तिवारी, सुधीर कुमार, बबलू गर्ग, विवेक कुमार, रामानुज, उमादत्त, देवी शंकर, राजू पांडे, सुमित पांडे, आकाश, अक्षय, सुभाष, रिशु, विनय, देवव्रत, गोलू, अंकुल, अशोक कुमार, राजेश, ज्ञानेंद्र तिवारी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
पिछले छह वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय रोहित तिवारी कौशांबी में आधारित हैं और क्षेत्रीय मुद्दों की कवरेज में लगातार कार्य कर रहे हैं। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं।
