पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश नाकाम, दुष्कर्म का वांछित आरोपी गिरफ्तार
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित पूरामुफ्ती क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे आरोपित को रविवार देर रात नगर पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि आरोपित ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग की, जिसके जवाब में आत्मरक्षार्थ की गई कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लगी। घायल अभियुक्त को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि गोली से घायल मुशर्रफ पुत्र लाड़े मियां पूरामुफ्ती का निवासी है। इसके खिलाफ नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म करने का मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना के बाद से आरोपित फरार चल रहा था, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही थी। रविवार देर रात पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी।
इसी दौरान फतेहपुरघाट से टिकरी जाने वाले मार्ग पर भट्टे से आगे तिराहे के पास वांछित आरोपित मुशर्रफ पुलिस टीम को दिखाई दिया। पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास किए जाने पर आरोपित ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस उपायुक्त नगर ने बताया कि आरोपित द्वारा की गई फायरिंग के बाद पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अभियुक्त के दोनों पैरों में गोली लगी। इसके बाद उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
डीसीपी सिटी ने बताया कि आरोपित के कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर, दो जिंदा कारतूस तथा दो खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं। घायल आरोपित को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है तथा उसके विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध अपराध करने वालों के खिलाफ कमिश्नरेट पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है।
ऐसे अपराधियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा और कानून के तहत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। फिलहाल मामले में आगे की विधिक कार्रवाई प्रचलित है तथा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य बनी हुई है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
