राजस्थान में प्री-मानसून मेहरबान, 17 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी
जयपुर। राजस्थान में प्री-मानसून की गतिविधियां रविवार को भी जारी रहीं। उत्तरी राजस्थान के बीकानेर संभाग के अलावा पूर्वी राजस्थान के जयपुर और कोटा संभाग के कई इलाकों में सुबह से देर शाम तक अच्छी बारिश हुई।
कई जिलों में 10 से 30 मिलीमीटर तक वर्षा हुई, जबकि श्रीगंगानगर जिले में बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को प्रदेश के 17 जिलों में आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
पिछले 24 घंटों के दौरान झुंझुनूं शहर में 34 मिमी, हनुमानगढ़ के पल्लू में 30 मिमी, श्रीगंगानगर शहर में 14 मिमी तथा रजियासर में 12 मिमी बारिश हुई। इसके अलावा चूनावढ़ में 9 मिमी, बींझबायला में 8 मिमी, नागौर के कुचामन सिटी में 5 मिमी और कोटा में 6 मिमी बरसात हुई।
सबसे अधिक बारिश सीकर जिले के धोद में 65 मिमी मापी गई। इसके अलावा लोसल में 45 मिमी और दांतारामगढ़ में 13 मिमी वर्षा हुई।
चूरू के तारानगर में 7 मिमी और राजलदेसर में 5 मिमी बारिश हुई। अलवर, जयपुर, बीकानेर और फलोदी के कई इलाकों में भी मेघ जमकर बरसे।
बारिश के बावजूद प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में गर्मी का असर बना रहा। श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस मापा गया, जबकि बाड़मेर और जैसलमेर में पारा 41-41 डिग्री तथा बीकानेर में 40 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
कोटा में तेज आंधी के साथ झमाझम बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली और सड़कों पर पानी भर गया, वहीं श्रीगंगानगर में मूसलाधार बारिश के कारण कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई।
ये खबर भी पढ़े : पुष्कर स्नान के लिए जा रहे परिवार की कार बस से टकराई, सात वर्षीय बच्ची समेत तीन की मौत
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
माही खान एक उभरती हुई कंटेंट राइटर हैं और वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ से जुड़कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए समाचार अपडेट का कार्य कर रही हैं। वह खबरों की प्रस्तुति पर विशेष ध्यान देती हैं और मीडिया क्षेत्र में सीखते हुए अपने लेखन कौशल को लगातार विकसित कर रही हैं।
