आय से अधिक संपत्ति मामले में सहायक ग्रेड-2 के ठिकानों पर छापा
जबलपुर में लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई
- सहायक ग्रेड-2 के ठिकानों पर मिली करोड़ों की संपत्ति
जबलपुर। मध्य प्रदेश में जबलपुर लोकायुक्त पुलिस ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत पर सिवनी स्थित क्षेत्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायत राज प्रशिक्षण केंद्र में पदस्थ सहायक ग्रेड-2 सुभाष शर्मा के जबलपुर स्थित निवास और फार्म हाउस पर शनिवार सुबह छापा मारा।
प्रारंभिक जांच में आरोपी और उसकी पत्नी के नाम पर कृषि भूमि, प्लॉट, दो मंजिला मकान और फार्म हाउस समेत कई संपत्तियां सामने आई हैं। लोकायुक्त के अनुसार आरोपी की आय की तुलना में संपत्ति और व्यय 543.19 प्रतिशत अनुपातहीन पाया गया है।
लोकायुक्त को सुभाष शर्मा द्वारा आय से अधिक संपत्ति अर्जित किए जाने की शिकायत मिली थी। एसपी अंजुलता पटले के निर्देश पर निरीक्षक जितेन्द्र यादव द्वारा शिकायत का सत्यापन किया गया। प्रथम दृष्टया शिकायत सही पाए जाने पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 13(1)(बी) और 13(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
शनिवार सुबह करीब 5:30 बजे दो टीमों ने आरोपी के अम्बेडकर कॉलोनी स्थित निवास और फार्म हाउस पर एक साथ छापा मारा। कार्रवाई में पत्नी शीला शर्मा के नाम पर कई संपत्तियों का पता चला।
लोकायुक्त के मुताबिक पाटन तहसील के लोहारी में पत्नी के नाम कृषि भूमि की अनुमानित कीमत 1.11 करोड़ रुपये, मुरगवां में भूमि की कीमत करीब 25.91 लाख रुपये और गोहलपुर क्षेत्र में कई प्लॉट की अनुमानित कीमत 47.48 लाख रुपये है। करमेता में 4581 वर्गफुट भूमि की अनुमानित कीमत करीब 2.88 करोड़ रुपये बताई गई है।
इसके अलावा अम्बेडकर कॉलोनी में 4800 वर्गफुट निर्मित क्षेत्र वाला दो मंजिला मकान करीब 65 लाख रुपये, पारस कॉलोनी में 1500 वर्गफुट का दो मंजिला मकान करीब 10 लाख रुपये और लोहारी में करीब 3000 वर्गफुट में बने फार्म हाउस की अनुमानित कीमत 52 लाख रुपये बताई गई है। लोकायुक्त की कार्रवाई फिलहाल जारी है। छापे की पहली टीम का नेतृत्व डीएसपी रेखा प्रजापति और दूसरी टीम का नेतृत्व डीएसपी नीतू त्रिपाठी कर रही हैं।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
