बंद मकानों में चोरी करने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, लाखों के जेवर बरामद
सैरपुर पुलिस और उत्तरी सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई, आरोपी पर चोरी, गैंगस्टर, शस्त्र अधिनियम और एनडीपीएस समेत दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज
लखनऊ। सैरपुर थाना पुलिस और उत्तरी सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में बंद मकानों का ताला तोड़कर चोरी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब पांच लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और चोरी में प्रयुक्त एक अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 26 जुलाई को न्याय विहार, सीतापुर रोड निवासी आशीष कुमार ने सैरपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके बंद मकान का ताला तोड़कर नकदी और सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए गए हैं। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि चोरी की घटनाओं में शामिल आरोपी अपाचे मोटरसाइकिल से क्षेत्र में आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर फैसल उर्फ छोटू (28 वर्ष) निवासी गऊघाट, ठाकुरगंज को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सोने और चांदी के कई आभूषण, जिनमें अंगूठियां, चेन, पायल, कड़े, बिछिया और अन्य सामान शामिल हैं, बरामद किए। बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई है। चोरी में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पहले बंद मकानों की रेकी करता था और मौका मिलने पर ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देता था। बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमों में अतिरिक्त धाराएं भी बढ़ाई गई हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ लखनऊ, सीतापुर और बाराबंकी के विभिन्न थानों में चोरी, गैंगस्टर एक्ट, शस्त्र अधिनियम और एनडीपीएस एक्ट सहित कई आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास और अन्य मामलों में संलिप्तता की भी जांच कर रही है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
