शहीद पथ हादसे में बड़ा खुलासा, नशे में कार चला रहा था चालक; युवक की मौत के मामले में आरोपी गिरफ्तार
पीजीआई पुलिस की कार्रवाई, पूछताछ में आरोपी ने कबूला- 'नशे में था, मुझसे गलती हो गई'
लखनऊ। राजधानी के शहीद पथ पर तेज रफ्तार और लापरवाही से कार चलाने के कारण हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत के मामले में पीजीआई पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि हादसे के समय वह नशे की हालत में था, जिसके चलते वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटना का शिकार हो गया।
पुलिस आयुक्त तरुण गाबा के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध एवं मुख्यालय) अपर्णा कुमार, पुलिस उपायुक्त (दक्षिणी) मो. मुश्ताक, अपर पुलिस उपायुक्त रल्लापल्ली वंसथ कुमार तथा सहायक पुलिस आयुक्त गोसाईंगंज ऋषभ यादव के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह के नेतृत्व में पीजीआई पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया।
शहीद पथ पर हुआ था हादसा
पुलिस के अनुसार, कानपुर के मूलगंज थाना क्षेत्र निवासी दिनेश कुमार गुप्ता ने तहरीर देकर बताया था कि 29 जुलाई 2026 को शहीद पथ स्थित शहीद नगर अंडरपास के ऊपर एक कार चालक तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चला रहा था। इसी दौरान कार की टक्कर से उनके पुत्र अपूर्व ओमर गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।पीड़ित की शिकायत पर पीजीआई थाने में मु0अ0सं0-398/2026 के तहत धारा 281, 324(4) और 105 भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
फतेहपुर से आरोपी गिरफ्तार
जांच के दौरान पुलिस ने 1 अगस्त 2026 को आरोपी चालक सिद्धार्थ सिंह उर्फ नीरज सिंह (33 वर्ष), निवासी दलाबला खेड़ा, पोस्ट गुगौली, थाना कल्याणपुर, जनपद फतेहपुर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय में पेश किया गया।
पूछताछ में कबूला सच
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि दुर्घटना वाली रात वह नशे की हालत में कार चला रहा था। उसने बताया कि नशे के कारण वाहन से नियंत्रण हट गया और हादसा हो गया। आरोपी ने पुलिस से अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी भी मांगी।पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने और नशे में वाहन चलाकर लोगों की जान जोखिम में डालने वालों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
