लखनऊ के सर्राफा बाजार में कर्मचारी को दुकान में बंद कर बेरहमी से पीटा, मालिक-मैनेजर समेत 5 गिरफ्तार
24 घंटे के भीतर चौक पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बीएनएस की गंभीर धाराएं बढ़ाकर सभी आरोपियों को भेजा जेल
लखनऊ। राजधानी के चौक स्थित सर्राफा बाजार में एक ज्वेलरी दुकान के कर्मचारी को दुकान के अंदर बंद कर मारपीट और अपमानित करने के मामले में चौक पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मालिक, मैनेजर समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर सभी आरोपियों को दबोचकर न्यायालय में पेश किया।
पुलिस के अनुसार, 31 जुलाई 2026 को सीतापुर के रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र के अफसरिया निवासी गोपाल अवस्थी ने चौक थाने में तहरीर देकर बताया कि उनका भाई शिवबिहारी चौक के सर्राफा बाजार स्थित दिल्ली चैन हाउस में नौकरी करता है। आरोप है कि दुकान के मैनेजर गौरव रस्तोगी, मालिक शनि सोनी और अन्य कर्मचारियों ने उसे दुकान के अंदर बंद कर बेरहमी से मारपीट की और अपमानित किया।
शिकायत के आधार पर थाना चौक में मु0अ0सं0-166/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 127(2), 115(2), 352 और 133 में मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक चौक ने तत्काल जांच शुरू कराई। विवेचना के दौरान घटना में शामिल सभी आरोपियों की पहचान की गई और मुकदमे में धारा 191(2) बीएनएस भी बढ़ाई गई। इसके बाद पुलिस ने 1 अगस्त 2026 को सर्राफा बाजार से सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में शनि सोनी (26 वर्ष) निवासी गोमतीनगर, गौरव रस्तोगी (35 वर्ष) निवासी चौक, अमन यादव (23 वर्ष) निवासी निगोहा, सौरभ शर्मा (30 वर्ष) निवासी सआदतगंज तथा देवेन्द्र माझी (35 वर्ष) शामिल हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया।
चौक पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कर्मचारियों के साथ हिंसा और कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
