लखनऊ में युवक के साथ मारपीट और निर्वस्त्र कर सड़क पर घुमाने का आरोप, वीडियो वायरल होने पर मुकदमा दर्ज
एक आरोपी हिरासत में, अन्य की तलाश जारी; दूसरे पक्ष ने युवक पर सोना चोरी करने का लगाया आरोप
लखनऊ। राजधानी के चौक थाना क्षेत्र में एक युवक के साथ मारपीट कर उसे निर्वस्त्र कर सड़क पर घुमाने और उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 31 जुलाई को सीतापुर जनपद के रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र निवासी गोपाल अवस्थी ने चौक थाने में लिखित शिकायत दी। उन्होंने आरोप लगाया कि 28 जुलाई को उनके भाई शिव बिहारी अवस्थी के साथ चौक क्षेत्र स्थित दिल्ली चैन हाउस के मालिक सन्नी (शनि), मैनेजर गौरव तथा 2-3 अन्य लोगों ने लाठी-डंडों से मारपीट की।
ये खबर भी पढ़े : क्लब पार्टी में हवाई फायरिंग करने वाला गिरफ्तार, सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस ने अवैध पिस्टल की बरामदशिकायत में कहा गया है कि मारपीट के बाद शिव बिहारी के कपड़े उतरवाकर उन्हें सड़क पर घुमाया गया। इस दौरान उनका वीडियो भी बनाया गया और जान से मारने की धमकी दी गई।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू की। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर चौक थाने में मुकदमा संख्या 166/2026 दर्ज किया गया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 127(2), 115(2), 352 और 133 के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
पुलिस ने बताया कि मामले में नामजद आरोपी मैनेजर गौरव को हिरासत में ले लिया गया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
वहीं, दूसरे पक्ष का कहना है कि शिव बिहारी उनकी दुकान पर कार्य करता था और उस पर दुकान से करीब 10 ग्राम सोना चोरी करने का आरोप है। पुलिस का कहना है कि इस आरोप की भी जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले के सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है। वायरल वीडियो, दोनों पक्षों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल किसी भी पक्ष के आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही की जाएगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
