कमर्शियल LPG सिलेंडर हुआ ₹200 से ज्यादा सस्ता, होटल-रेस्टोरेंट कारोबारियों को बड़ी राहत
दिल्ली में 19 किलो सिलेंडर ₹202 और कोलकाता में ₹209 सस्ता, घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं
नई दिल्ली। नए महीने के पहले दिन आम लोगों के बजाय होटल, रेस्टोरेंट और छोटे कारोबारियों के लिए बड़ी राहत की खबर आई है। तेल विपणन कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 200 रुपये से अधिक की कटौती कर दी है। हालांकि 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
नई दरों के अनुसार, दिल्ली में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर 202 रुपये सस्ता होकर 2,728 रुपये का हो गया है। वहीं कोलकाता में इसकी कीमत 209 रुपये घटकर 2,872.50 रुपये हो गई है।कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में इस कटौती से होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा, चाय की दुकान और अन्य खाद्य कारोबारियों को सीधा लाभ मिलेगा, क्योंकि उनके संचालन की लागत कम होगी।वहीं घरेलू उपभोक्ताओं के लिए फिलहाल कोई राहत नहीं मिली है। 14.2 किलोग्राम के घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतें पहले की तरह ही बनी हुई हैं। प्रमुख शहरों में घरेलू सिलेंडर की कीमतें इस प्रकार हैं—
दिल्ली: ₹942
कोलकाता: ₹968
मुंबई: ₹941.50
चेन्नई: ₹957.50
इससे पहले 1 जुलाई को भी तेल कंपनियों ने 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम में 183.50 रुपये की कटौती की थी। उस समय दिल्ली में इसकी कीमत घटकर ₹2,930 और कोलकाता में ₹3,081.50 हो गई थी। पटना में भी कमर्शियल सिलेंडर की कीमत घटकर ₹3,227 रह गई थी।लगातार दूसरे महीने कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में हुई कमी से व्यापारिक प्रतिष्ठानों को राहत मिलने की उम्मीद है, जबकि घरेलू उपभोक्ताओं को रसोई गैस की कीमतों में किसी बदलाव का अभी इंतजार करना होगा।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
