यूपी सरकार ने उचित दर विक्रेताओं के लाभांश में की वृद्धि
125 रुपये प्रति कुंतल मिलेगा लाभांश
रामनाथ सिंह, बिजनौर संवाददाता
- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सिंगल स्टेज डोर स्टेप डिलीवरी के अंतर्गत फीडबैक प्रणाली का किया शुभारंभ
बिजनौर। उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रदेश के 78 हजार से अधिक उचित दर विक्रेताओं के हित में बड़ा निर्णय लेते हुए उनके लाभांश में वृद्धि की है। अब उचित दर विक्रेताओं को 90 रुपये के स्थान पर 125 रुपये प्रति कुंतल लाभांश मिलेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में सिंगल स्टेज डोर स्टेप डिलीवरी के अंतर्गत उचित दर विक्रेता फीडबैक प्रणाली का बटन दबाकर शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उचित दर विक्रेता सरकार और समाज के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के अंतर्गत प्रदेश में करीब 15 करोड़ लोगों को निःशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में लगभग दो करोड़ लोगों को निःशुल्क रसोई गैस कनेक्शन तथा एक करोड़ 53 लाख लोगों को निःशुल्क विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उचित दर विक्रेताओं के लिए अन्नपूर्णा भवनों के निर्माण हेतु प्रदेश सरकार ने 500 करोड़ रुपये की व्यवस्था की है। उचित दर विक्रेता अन्नपूर्णा भवनों के माध्यम से आवश्यक वस्तुओं सहित 39 प्रकार के सामान का विक्रय कर अपनी आय में वृद्धि कर सकते हैं।
महात्मा विदुर सभागार में देखा गया सजीव प्रसारण
कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा विदुर सभागार में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। इस दौरान भाजपा पश्चिम क्षेत्र की क्षेत्रीय मंत्री हरजीत कौर, नगर पालिका अध्यक्ष इंदिरा सिंह, भाजपा नेता ऐश्वर्या मौसम चौधरी, जिलाधिकारी जसजीत कौर, मुख्य विकास अधिकारी रणविजय सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं जनपद के विभिन्न उचित दर विक्रेता मौजूद रहे।
भाजपा नेता ऐश्वर्या मौसम चौधरी ने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उचित दर विक्रेताओं के लाभांश में वृद्धि से उनके आर्थिक हित मजबूत होंगे। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि बिचौलिया व्यवस्था को समाप्त करते हुए खाद्यान्न को सीधे गोदाम से उचित दर विक्रेता की दुकान तक पहुंचाने की व्यवस्था लागू की गई है। सिंगल स्टेज डोर स्टेप डिलीवरी से खाद्यान्न वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित हुई है।
केंद्र 10 और राज्य सरकार वहन करेगी 25 रुपये
जिलाधिकारी जसजीत कौर ने कहा कि उचित दर विक्रेताओं के हित में लिया गया यह निर्णय सराहनीय है। लाभांश बढ़ने से उचित दर विक्रेताओं को आर्थिक मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि खाद्यान्न वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।
उन्होंने बताया कि लाभांश में 90 रुपये से बढ़ाकर 125 रुपये प्रति कुंतल की गई वृद्धि में 10 रुपये प्रति कुंतल का भार केंद्र सरकार तथा 25 रुपये प्रति कुंतल का भार राज्य सरकार वहन करेगी। उन्होंने कहा कि सिंगल स्टेज डोर स्टेप डिलीवरी एवं फीडबैक प्रणाली से व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।
नहटौर में कोटेदार संघ ने अतिथियों को किया सम्मानित

नहटौर विधानसभा के नहटौर ब्लॉक में भी शासन के कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आदर्श कोटेदार संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष नरेन्द्र कुमार, ब्लॉक अध्यक्ष राजीव कुमार तथा जिला महासचिव सौरभ कुमार ने मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख नहटौर राकेश कुमार को भगवान भोलेनाथ की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया।
इसके साथ ही मंच पर उपस्थित अतिथियों एवं अधिकारियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उचित दर विक्रेताओं ने शासन द्वारा लाभांश बढ़ाए जाने के निर्णय का स्वागत करते हुए इसे अपने हित में महत्वपूर्ण कदम बताया।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
