कांवड़ यात्रा के चलते 17 अगस्त को बिजनौर में सभी स्कूल बंद
प्री-प्राइमरी से कक्षा 12 तक के विद्यालयों में रहेगा अवकाश, सभी बोर्डों पर लागू होगा आदेश
रामनाथ सिंह, बिजनौर संवाददाता
बिजनौर। सावन के सोमवार के अवसर पर कांवड़ यात्रा को देखते हुए जनपद में विभिन्न स्थानों पर यातायात डायवर्जन लागू रहेगा। जनहित और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी के आदेश के क्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कसाना ने 17 अगस्त, 2026 (सोमवार) को जनपद के सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित किया है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी कार्यालय आदेश के अनुसार यह अवकाश प्री-प्राइमरी से कक्षा 12 तक के सभी विद्यालयों पर लागू होगा। इसमें उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद के अलावा सीबीएसई, आईसीएसई, आईएससी, उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद तथा अन्य सभी मान्यता प्राप्त बोर्डों से संबद्ध विद्यालय शामिल हैं।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि 17 अगस्त को किसी भी विद्यालय का संचालन नहीं किया जाएगा। जनपद के सभी प्रबंधकों, प्रधानाचार्यों एवं प्रधानाध्यापकों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन के अनुसार कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विभिन्न मार्गों पर डायवर्जन लागू किया गया है। इसी को देखते हुए विद्यालयों में अवकाश का निर्णय लिया गया है, ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षा के साथ-साथ यातायात व्यवस्था बनाए रखने में भी सहयोग मिल सके।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
