लखीमपुर-खीरी,16 अगस्त(तरुणमित्र)। जनपद में रविवार को आयोजित 'मुख्यमंत्री जन आरोग्य स्वास्थ्य मेला' की हकीकत परखने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. संतोष गुप्ता ने विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रों पर मौजूद स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति, दवाओं की उपलब्धता और मरीजों को मिल रही चिकित्सकीय सुविधाओं की गहन समीक्षा की।
सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता ने दोपहर 12 बजे रमियाबेहड़ ब्लॉक की पीएचसी ढखेरवा नानकार पहुंचे। इसके उपरांत उन्होंने ब्लॉक निघासन के अंतर्गत पीएचसी बेलरायां और पीएचसी तिकुनियां का भी निरीक्षण किया। इसी के साथ उन्होंने सीएचसी निघासन का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पंजीकरण काउंटर, ओपीडी, प्रसव कक्ष, दवा वितरण कक्ष एवं पैथोलॉजी जांच व्यवस्था का जायजा लिया तथा मेले में पहुंचे ग्रामीणों से बातचीत कर उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का फीडबैक लिया।
सीएमओ ने उपस्थित चिकित्सा अधिकारियों व स्वास्थ्य कर्मियों को सख्त निर्देश दिए कि शासन की मंशा के अनुरूप मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का लाभ प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार व निशुल्क दवाएं सुनिश्चित की जाएं।
पिछले एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय विजय पाल खबरों की तेज़ समझ और ज़मीनी पकड़ के लिए जाने जाते हैं। रिपोर्टिंग और समाचार लेखन के क्षेत्र में उन्होंने निरंतर काम किया है। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं।