विद्यालय में अव्यवस्थाओं पर डीएम नाराज, सुधार के दिए निर्देश
डीएम जसजीत कौर ने माध्यमिक विद्यालय का किया औचक निरीक्षण
रामनाथ सिंह, बिजनौर संवाददाता
- नामांकन और उपस्थिति बढ़ाने पर डीएम ने दिया जोर
बिजनौर। जिलाधिकारी जसजीत कौर ने शुक्रवार को विकासखंड मोहम्मदपुर देवमल क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक विद्यालय तैमूरपुर का औचक निरीक्षण कर शैक्षणिक एवं बुनियादी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय में विद्यार्थियों की कम उपस्थिति, मध्याह्न भोजन के सैंपल का सुरक्षित न रखा जाना, पर्याप्त राशन एवं बर्तनों की कमी तथा हैंडवॉश-साबुन की व्यवस्था न मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सबसे पहले विद्यालय की उपस्थिति पंजिका का अवलोकन किया। मौके पर विद्यार्थियों की संख्या बेहद कम मिलने पर उन्होंने प्रधानाध्यापक एवं शिक्षकों को विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा विद्यालय में नामांकन और उपस्थिति बढ़ाने के लिए प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण एवं नियमित पठन-पाठन पर विशेष जोर दिया।
मध्याह्न भोजन व्यवस्था की समीक्षा के दौरान प्रधानाध्यापक ने बताया कि शुक्रवार को बच्चों के लिए तहरी बनाई गई थी, लेकिन भोजन का सैंपल सुरक्षित नहीं रखा गया था। इस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रतिदिन तैयार होने वाले मध्याह्न भोजन का निर्धारित सैंपल अनिवार्य रूप से सुरक्षित रखा जाए। विद्यालय में पर्याप्त राशन उपलब्ध न होने पर भी उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। प्रधानाध्यापक ने बताया कि ग्राम प्रधान द्वारा प्रतिदिन राशन उपलब्ध कराया जाता है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को भोजन व्यवस्था की नियमित निगरानी करने तथा बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं मानक के अनुरूप भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण में यह भी सामने आया कि विद्यालय में बच्चों के लिए पर्याप्त भोजन के बर्तन उपलब्ध नहीं हैं और छात्र-छात्राएं घर से बर्तन लाकर भोजन करते हैं। इसके अलावा हाथ धोने के लिए हैंडवॉश और साबुन की समुचित व्यवस्था भी नहीं मिली। जिलाधिकारी ने तत्काल आवश्यक बर्तन उपलब्ध कराने तथा हैंडवॉश और साबुन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को विद्यालय का नियमित निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाओं में सुधार सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि विद्यालयों में विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्वच्छता और मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके बाद जिलाधिकारी ने ग्राम रावली के निकट स्थित रपटे का निरीक्षण किया। मौके पर रपटे से आवागमन सुचारू पाया गया। उन्होंने ग्रामीणों को नदी का जलस्तर बढ़ने की स्थिति में रपटे अथवा नदी को पार न करने तथा सुरक्षा के प्रति विशेष सावधानी बरतने की अपील की।
जिलाधिकारी ने इसके पश्चात मध्य गंगा बैराज के बाएं अफलक बंध का भी निरीक्षण किया। मौके पर गंगा नदी का जलस्तर सामान्य पाया गया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नदी एवं बाढ़ की स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व देवेंद्र पाल सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं सहायक अध्यापक सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
