उतरौला में शान से लहराया तिरंगा, बच्चों ने दिखाया देशभक्ति जज्बा
शहीदों को किया नमन स्कूली बच्चों ने निकाली प्रभातफेरी
मोहम्मद अय्यूब
- सांस्कृतिक कार्यक्रमों में दिखा देशभक्ति का जज्बा
उतरौला। देश की आजादी की 80वीं वर्षगांठ पर शनिवार को उतरौला तहसील क्षेत्र में स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। सरकारी कार्यालयों, निजी संस्थानों, स्कूल-कॉलेजों और घरों पर तिरंगा शान से फहराया गया। जगह-जगह आयोजित कार्यक्रमों में स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया गया।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रभातफेरी निकाली। बच्चों ने देशभक्ति गीतों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और आजादी से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना जगाई। पूरे क्षेत्र में सुबह से ही देशभक्ति का माहौल बना रहा।
भाजपा कार्यालय पर विधायक राम प्रताप वर्मा ने ध्वजारोहण किया। उन्होंने कहा कि श्रेष्ठ और मजबूत भारत के निर्माण के लिए राष्ट्रीय एकता पर सभी को विशेष ध्यान देना चाहिए। बलिदानियों को याद करते हुए युवाओं को देश के लिए कुछ बेहतर करने के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवाओं के भीतर राष्ट्रसेवा और देश के लिए समर्पण का जज्बा हमेशा कायम रहना चाहिए।
नगरपालिका कार्यालय पर चेयरमैन सविता गुप्ता ने ध्वजारोहण किया। गैड़ास बुजुर्ग ब्लॉक मुख्यालय पर ब्लॉक प्रमुख राकेश तिवारी व बीडीओ तथा उतरौला ब्लॉक मुख्यालय पर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि महिपाल चौधरी व बीडीओ ने ध्वजारोहण किया। बीआरसी उतरौला और गैड़ास बुजुर्ग में भी बीईओ द्वारा ध्वजारोहण किया गया।
सीएचसी उतरौला में अधीक्षक डॉ. सीपी सिंह तथा सीएचसी गैड़ास बुजुर्ग में अधीक्षक डॉ. शोएब अहमद ने ध्वजारोहण किया। एमवाई उस्मानी इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य अबुल हाशिम खान, भारतीय विद्यालय इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य केके सरोज, एमजे एक्टिविटी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में प्रबंधक सैयद समीर रिजवी, एचआरए इंटर कॉलेज में डायरेक्टर अंसार अहमद खान, स्कॉलर एकेडमी में डायरेक्टर असलम शेर खान तथा टाइनी टाट्स इंटर कॉलेज में डायरेक्टर सैफ अली ने ध्वजारोहण किया।
स्कूली बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने मोहा मन
स्वतंत्रता दिवस पर एमजे एक्टिविटी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, एसएसबी इंटर कॉलेज, एमवाई उस्मानी इंटर कॉलेज, भारतीय विद्यालय इंटर कॉलेज, एचआरए इंटर कॉलेज और स्कॉलर एकेडमी के छात्र-छात्राओं ने प्रभातफेरी निकाली। विद्यालयों में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बच्चों ने देशभक्ति गीत, नृत्य और आजादी से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
इस दौरान प्रबंधक सैयद समीर रिजवी, डॉ. एहसान खान, डॉ. अताउल्लाह खान ,आर एस वी हास्पिटल में राधेश्याम वर्मा,न्यू बलरामपुर राकेश कुमार श्रीवास्तव सहित विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
मदरसों और विद्यालयों में भी फहराया तिरंगा
प्राथमिक विद्यालय मस्जिदिया में प्रधानाध्यापक मोहम्मद फिरोज, प्राथमिक विद्यालय लालपुर जुनैद में ग्राम प्रधान आलम दस्तगीर ने ध्वजारोहण किया। मदरसा जामियातुल मदीना में प्रधानाचार्य मौलाना मुबारक मदनी, गौसिया अरबी कॉलेज में प्रबंधक अयाज मुस्तफा खान, जियाउल इस्लाम अहले सुन्नत में प्रबंधक डॉ. मुबारक खान तथा मदरसा जामिया अली हसन अहले सुन्नत में प्रबंधक अबुल हसन खान ने तिरंगा फहराया। इस दौरान सभी स्थानों पर राष्ट्रगान के साथ देश की एकता, अखंडता और शहीदों के बलिदान को याद किया गया।
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
