सर्पदंश के दो लोग हुए शिकार, अस्पताल में भर्ती, इलाज जारी
दुद्धी, सोनभद्र। मंगलवार को सर्पदंश की दो अलग-अलग घटनाओं में एक मासूम बालक और एक किशोरी जहरीले सांप के काटने से घायल हो गए। दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पहली घटना दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के धनौरा गांव की है। मंगलवार दोपहर लगभग 3 बजे आयुष कुमार (6 वर्ष), पुत्र मनीष, अपने घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान घर के बाहर छिपे सांप ने उसके बाएं पैर में काट लिया। सर्पदंश के बाद बालक दर्द से चीखने-चिल्लाने लगा। परिजनों ने बिना देर किए उसे निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उसका उपचार किया जा रहा है।
वहीं दूसरी घटना कोन थाना क्षेत्र के कुड़वा गांव की है। 17 वर्षीय मधु कुमारी पुत्री अशोक कुमार, अपने घर के बाहर खड़ी थी। इसी दौरान एक विषैले सांप ने उसके दाएं पैर के अंगूठे में काट लिया। सांप के काटते ही किशोरी जोर से चीख उठी और कुछ ही देर में बेसुध होकर गिर पड़ी। परिजनों ने तत्काल उसे निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी पहुंचाकर भर्ती कराया। अस्पताल में चिकित्सक डॉ. सुनील की देखरेख में उसका उपचार जारी है।
