प्रयागराज पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अतीक अहमद से जुड़ी एक अरब से अधिक की जमीन को किया कुर्क
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश की प्रयागराज जिले की पुलिस ने बड़ी कार्रवाई हुए मंगलवार को माफिया अतीक अहमद से जुड़ी 20.38 बीघा जमीन को कुर्क किया। कुर्क की गई जमीन की कीमत लगभग एक अरब दस करोड़ बताई गई है। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त न्यायालय प्रयागराज के निर्देश पर की गई है। यह जानकारी पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने दी।
उन्होंने बताया कि संगठित अपराध के खिलाफ प्रयागराज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात माफिया अतीक अहमद से जुड़ी 20.38 बीघा जमीन कुर्क कर दी है। यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश गैंगस्टर अधिनियम के तहत पुलिस आयुक्त न्यायालय के आदेश पर की गई।
पुलिस उपायुक्त नगर ने बताया कि कुर्क की गई संपत्तियां मौजा भीटी ताल्लुका असदुल्लापुर और मौजा कटहुला गौसपुर में स्थित हैं। इनकी कुल रकबा 5.112668 हेक्टेयर यानी 51,126.68 वर्ग मीटर है। प्रशासनिक मूल्य लगभग 47.00 करोड़ रुपये और बाजार मूल्य करीब 1.10 अरब रुपये बताया गया है। अतीक अहमद ने अपने प्रभाव और दबंगई के बल पर अपराध से अर्जित धन से इन जमीनों की खरीद-बिक्री कराई थी। बाद में पुलिस ने जांच कर मामला न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया। सुनवाई के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर न्यायालय ने संपत्तियों को कुर्क करने का आदेश दिया।
उन्हाेंने बताया कि कुर्क संपत्तियों की निगरानी के लिए प्रशासनिक अधिकारी को नियुक्त किया गया है, ताकि उन पर कोई अवैध कब्जा या लेन-देन न हो सके। साथ ही राजस्व अभिलेखों में आदेश लागू कराने और उपनिबंधक कार्यालय को बिक्री पर रोक लगाने के लिए पत्राचार भी किया गया है। प्रयागराज पुलिस ने कहा है कि संगठित अपराध से अर्जित अन्य संपत्तियों की भी जांच की जा रही है और आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
