छह हजार के चालान पर भड़का संविदा कर्मी, पुलिस चौकी का काटा कनेक्शन
मामले की जांच के बाद बिजली विभाग ने तत्काल हटाया
- पुलिस अधिकारियों ने भी चालान वापस लेने का दिया भरोसा
मोहनलालगंज। समेसी में संविदा कर्मी का छः हजार का चालान किए जाने से नाराज विद्युत कर्मियों ने नगराम थाने और दो पुलिस चौकी के बिजली कनेक्शन काट दिए थे। मामले की जांच के बाद बिजली विभाग ने विभाग के तीन कर्मियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी है। जबकि संविदा कर्मी को समेसी सबस्टेशन से हटाने के लिए निजी कम्पनी को पत्र भेजा गया है। उधर पुलिस अधिकारियों ने भी चालान वापस लेने का भरोसा दिया है।
नगराम के समेसी सबस्टेशन पर तैनात संविदा कर्मी अमरेन्द्र कुछ अन्य विद्युत कर्मियों के साथ सोमवार की शाम लाइन की पेट्रोलिंग कर रहे थे। तभी रास्ते में वाहन चेकिंग कर रहे दारोगा अनुज भाटी ने हेलमेट नही लगाने और बाइक के कागजात दुरुस्त नही होने के आरोप में छः हजार का चालान कर दिया था। जिसके बाद नाराज समेसी सबस्टेशन के विद्युत कर्मियों ने नगराम थाने और देवी खेड़ा व हरदोइया पुलिस चौकी के बकाए को लेकर कनेक्शन काट दिए थे।
मामला तूल पकड़ने के बाद देर शाम एसडीएम आकाश सिंह ने एसडीओ गोसाईंगंज को फोन कर विद्युत कर्मियों की करतूत को लेकर नाराजगी जताई तो हड़कंप मच गया। बिजली विभाग के अधिकारी आरोपी विद्युत कर्मियों को फोन मिलाते रहे लेकिन उन्होंने फोन ही बंद कर लिया। आखिरकार एसडीओ ने दूसरे स्टाफ को भेजकर नगराम थाने और दोनों पुलिस चौकी के बिजली कनेक्शन जुड़वाए तब जाकर लगभग तीन घंटे बाद उनकी सप्लाई चालू हो सकी।
एसडीओ विनय कुमार सिंह ने बताया मामले में संविदाकर्मी अमरेन्द्र और तीन विभागीय कर्मियों को अनुशासनहीनता का दोषी मानते हुए उनके विरुद्ध कार्रवाई के लिए उच्च अधिकारियों को रिपोर्ट भेज दी गई है। एक्सइएन योगेश कुमार जायसवाल ने बताया संविदा कर्मी को दूसरे सबस्टेशन पर तैनात करने के लिए निजी कम्पनी को पत्र भेज दिया गया है। विभागीय कर्मियों से स्पष्टीकरण तलब कर कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
