कांवड़ यात्रा, सावन मेला एवं आगामी पर्वों की तैयारियों पर जिला शांति समिति की बैठक
सभी विभाग समन्वय बनाकर अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा एवं संवेदनशीलता के साथ करें निर्वहन: जिलाधिकारी
आनंद मिश्रा
- त्योहारों के आयोजन में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं की जाएगी स्वीकार: डीएम
मऊ। जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन की अध्यक्षता में आगामी श्रावण मास की कावड़ यात्रा, सावन मेला एवं अन्य प्रमुख त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला शांति समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। बैठक में प्रशासन, पुलिस, नगर निकाय, विभिन्न विभागों के अधिकारियों तथा शांति समिति के सदस्यों के साथ व्यापक चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि 30 जुलाई से प्रारंभ होने वाली कावड़ यात्रा 28 अगस्त तक चलेगी, जिसके दौरान विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन होंगे। ऐसे में सभी विभाग समन्वय बनाकर अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा एवं संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहारों के आयोजन में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारियों को कावड़ मार्गों, शिविरों एवं सार्वजनिक स्थलों पर साफ-सफाई, पेयजल एवं स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अधिशासी अभियंता विद्युत को विद्युत आपूर्ति निर्बाध बनाए रखने तथा जर्जर तारों सहित विद्युत संबंधी समस्याओं का समय रहते निराकरण करने को कहा। सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि त्योहारों से जुड़ी शिकायतों का तत्काल समाधान सुनिश्चित करें।
उन्होंने समस्त थानाध्यक्षों को निर्देश दिए कि कावड़ यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रहे तथा किसी भी स्थान पर जाम की स्थिति उत्पन्न न होने पाए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी को यात्रा मार्गों पर स्थित होटल, ढाबों एवं रेस्टोरेंटों की नियमित जांच कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं आबकारी अधिकारी को शराब की दुकानों पर विशेष निगरानी रखते हुए किसी भी प्रकार की मिलावट पर कड़ी कार्रवाई करने को कहा गया। पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर ने कहा कि सभी नागरिक आगामी त्योहारों को आपसी भाईचारे, प्रेम एवं सौहार्द के साथ मनाएं। पुलिस प्रशासन प्रत्येक आयोजन को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने कहा कि कावड़ यात्रा के दौरान मानकों के विपरीत साउंड सिस्टम का प्रयोग न किया जाए तथा नशीले पदार्थों का सेवन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। उन्होंने बताया कि यात्रा के लिए रूट का निर्धारण किया जाएगा तथा सभी कावड़ शिविरों पर संबंधित अधिकारियों का नाम, मोबाइल नंबर एवं सीसीटीवी कैमरे सक्रिय अवस्था में रहेंगे। उन्होंने नई परंपराएं शुरू न करने तथा सोशल मीडिया अथवा अन्य माध्यमों से अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई किए जाने की चेतावनी भी दी।
नगर पालिका परिषद अध्यक्ष अरशद जमाल ने भरोसा दिलाया कि नगर पालिका पूर्व की भांति इस वर्ष भी साफ-सफाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित कर त्योहारों को शांतिपूर्ण संपन्न कराने में पूर्ण सहयोग करेगी।
बैठक में व्यापार मंडल प्रदेश अध्यक्ष उमाशंकर ओमर ने बिजली बिलों की विसंगतियों एवं शहर के जर्जर विद्युत तारों को बदलने की आवश्यकता का मुद्दा उठाया, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रवेंद्र कुमार, नगर मजिस्ट्रेट रामबाबू, समस्त उप जिलाधिकारी, समस्त क्षेत्राधिकारी, समस्त थानाध्यक्ष, पूर्व अध्यक्ष तैय्यब पालकी, दिनेश भारती, संजय वर्मा, भारत लाल राही, इम्तियाज अहमद सहित शांति समिति के सदस्य एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
