बढ़े हुए हाउस टैक्स के विरोध में व्यापारियों का बिगुल
6 अगस्त से नवयुग मार्केट में अनिश्चितकालीन धरना
जल्द ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर भी यह मुद्दा उठाएंगे" : आर.के. गर्ग
गाजियाबाद। नगर निगम द्वारा बढ़ाए गए हाउस टैक्स के विरोध में शहर के व्यापारियों ने आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। बुधवार को आयोजित व्यापारियों की बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 6 अगस्त से नवयुग मार्केट में शांतिपूर्ण अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। धरना प्रतिदिन प्रातः 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित किया जाएगा।
बैठक में व्यापारियों ने कहा कि नगर निगम द्वारा बढ़ाया गया हाउस टैक्स पूरी तरह अव्यावहारिक है, जिससे व्यापारियों के साथ-साथ आम नागरिकों पर भी अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है। उन्होंने मांग की कि नगर निगम हाउस टैक्स वृद्धि को तत्काल वापस लिया जाए तथा कर निर्धारण प्रक्रिया की पुनः समीक्षा कर व्यापारियों और नागरिकों को राहत प्रदान की जाए। व्यापारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
बैठक में आरडब्ल्यूए फेडरेशन गाजियाबाद के चेयरमैन आर.के. गर्ग अपनी टीम के साथ मौजूद रहे। उन्होंने व्यापारियों के आंदोलन को पूर्ण समर्थन देते हुए कहा, बढ़ा हुआ हाउस टैक्स पूरे शहर का मुद्दा है। इसका असर केवल व्यापारियों पर नहीं, बल्कि हर नागरिक पर पड़ रहा है। आरडब्ल्यूए फेडरेशन इस जनहित की लड़ाई में व्यापारियों के साथ मजबूती से खड़ा है और उनकी जायज मांगों के समर्थन में हरसंभव सहयोग करेगा शीघ्र ही हम व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल के साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी मुलाकात करेंगे और बढ़े हुए हाउस टैक्स सहित शहर की अन्य जनसमस्याओं को उनके समक्ष प्रमुखता से उठाकर समाधान की मांग करेंगे।
बैठक के संयोजक एवं सर्राफा एसोसिएशन के संरक्षक राज किशोर गुप्ता ने बताया कि 6 अगस्त से नवयुग मार्केट में शांतिपूर्ण अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जब तक नगर निगम बढ़े हुए हाउस टैक्स को वापस नहीं लेता अथवा इस संबंध में सकारात्मक निर्णय नहीं करता, तब तक धरना निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने शहर के सभी व्यापारी संगठनों एवं नागरिकों से आंदोलन में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

इस अवसर पर गाजियाबाद RWA फेडरेशन के चेयरमैन आर के गर्ग ,कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सतीश शर्मा, समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता अभिषेक गर्ग, प्रीतम लाल, सुभाष गुप्ता, सुभाष छावड़ा, मनवीर नागर, रजनीश बंसल, मुनेन्द्र आर्य, हरवीर गांधी, आर.के. आर्या, राज किशोर गुप्ता, गौरव बंसल, सुनील चाचा, राजू छावड़ा सहित सैकड़ों व्यापारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में बढ़े हुए हाउस टैक्स का विरोध करते हुए कहा कि यह केवल व्यापारियों का नहीं, बल्कि पूरे शहर के नागरिकों का मुद्दा है और जब तक हाउस टैक्स वृद्धि वापस नहीं ली जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
