दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर हुए सड़क हादसे में तीन कांवड़ियों की मौत
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश में जनपद गाजियाबाद के दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर बुधवार को एक सड़क हादसे में तीन कांवड़ियों की मौत हो गई। यह घटना भोजपुर थाना क्षेत्र के गांव कलछीना के पास सुबह करीब पांच बजे हुई, जब एक अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार तीनों शिव भक्त गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्होंने उपचार के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया।
पुलिस उपायुक्त (ग्रामीण) सुरेंद्रनाथ तिवारी ने बताया कि तीनों कांवड़िये हरियाणा के झज्जर जिले के रहने वाले थे और हरिद्वार की ओर कांवड़ यात्रा पर जा रहे थे। उन्होंने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिसकी वजह से बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर गिर गए और उन्हे गंभीर चोटें आईं। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान ज्ञानप्रकाश, राजकुमार और प्रदीप के रूप में हुई है। तीनों युवक एक ही गांव के निवासी हैं। घटना के बाद से मृतकों के परिवारों में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। डीसीपी ने बताया कि पुलिस वाहन की पहचान और चालक की तलाश में जुटी हुई है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
