मुख्य राजमार्ग की पटरी पर बह रहा गंदा पानी, राहगीर व दुकानदार परेशान
नगर क्षेत्र के मुख्य बाजार में हालात खराब
मोहम्मद अय्यूब
- जलभराव से जनजीवन से प्रभावित
उतरौला (बलरामपुर)। नगर के श्यामा प्रसाद मुखर्जी चौराहे के पास जलभराव से दुकानदारों सहित ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं बलरामपुर मुख्य राजमार्ग पर सड़क के किनारे बनी इंटरलॉकिंग पटरी पर घरों से निकला गंदा पानी बह रहा है। दुर्गंध युक्त पानी से राहगीरों और दुकानदारों को भारी दिक्कत हो रही है। नगरपालिका प्रशासन समस्या को लेकर उदासीन बना हुआ है।
नगर क्षेत्र के मुख्य बाजार बरदही बाजार में हालात सबसे खराब हैं। मुख्य सड़क पर छोटे बड़े वाहनों की आवाजाही के कारण पैदल चलने वाले लोगों को पटरी पर चलना पड़ता है। लेकिन पटरी पर गंदा पानी भरा होने से वहां से गुजरना मुश्किल हो गया है स्थानीय दुकानदार सुनील प्रकाश, विकास कुमार, जगदीश और उमाशंकर ने बताया कि गंदे पानी के कारण न तो राहगीर चल पाते हैं और न ही ग्राहक दुकानों तक पहुंच पा रहे हैं। गंदे जल में वायरल और बैक्टीरिया पनपने से संक्रामक रोगों का खतरा भी बढ़ रहा है।
लोगों का कहना है कि इस मार्ग से दिनभर अधिकारी, कर्मचारी और जनप्रतिनिधियों की आवाजाही होती है। इसके बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई है। नागरिकों ने नगरपालिका से जल्द जल निकासी की व्यवस्था करने की मांग की है।
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
