भाजपा जिलाध्यक्ष के जेठ पर जानलेवा हमला, दो आरोपित गिरफ्तार
कानपुर देहात। उत्तर प्रदेश में कानपुर देहात के भोगनीपुर कोतवाली क्षेत्र में बुधवार के खेत में घास काटने के विवाद में दबंगाें ने भाजपा जिलाध्यक्ष रेणुका सचान के जेठ अजीत सिंह सचान पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किया है। गंभीर रूप से घायल अजीत सिंह को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और फिर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर कानपुर नगर के हैलट अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मामले में दो नामजद आरोपिताें को गिरफ्तार कर लिया।
कोतवाली प्रभारी सतीश सिंह ने बताया कि घटना बुधवार गुरगांव गांव की है। अजीत सिंह सचान अपनी फसल देखने खेत पहुंचे थे। इसी दौरान गांव के ही दो भाई बिहारी और रवि उनके खेत में घास काट रहे थे। अजीत सिंह ने इसका विरोध किया, जिसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर एक आरोपी ने अजीत सिंह को पकड़ लिया, जबकि दूसरे ने घास काटने वाले हंसिए से उनके पेट पर हमला कर दिया। हमले में अजीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। खेतों में काम कर रहे अन्य लोगों ने उन्हें किसी तरह साइकिल से गांव पहुंचाया, जहां से परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुखरायां ले गए।
प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहां आवश्यक चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध न होने पर उन्हें कानपुर नगर के हैलट अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही भाजपा जिलाध्यक्ष रेणुका सचान सहित कई भाजपा नेता मेडिकल कॉलेज पहुंचकर घायल का हालचाल जाना।
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों नामजद आरोपिताें को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
