अतिक्रमण और प्रतिबंधित पॉलीथीन इस्तेमाल पर 2.48 लाख जुर्माना
जोन-1, 2, 3 और 5 में नगर निगम की बड़ी कार्रवाई
- सड़क-पटरी से हटाए गए अवैध कब्जे
लखनऊ। बुधवार अतिक्रमण,गंदगी और प्रतिबंधित पॉलीथीन का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ नगर निगम ने अभियान चलाया। जोन-1, 2, 3 और 5 के विभिन्न क्षेत्रों में नगर निगम की टीमों ने कार्रवाई की। इस दौरान सड़क और पटरियों से अस्थायी अवैध अतिक्रमण हटाया गया, सामान जब्त किया गया तथा गंदगी और प्रतिबंधित पॉलीथीन के मामलों में चालान कर शमन शुल्क वसूला गया। गंदगी, प्रतिबंधित पॉलीथीन और अतिक्रमण के मामलों में कुल 2,48,200 रुपये शमन शुल्क वसूला गया। इसके साथ ही बड़ी संख्या में अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए और जोन-1 से दो ट्रक सामान जब्त किया गया।
जोन-1 में बुधवार को तीन अलग-अलग क्षेत्रों में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया गया। नगर निगम की टीम ने पहले सिकन्दर बाग चौराहे से निशातगंज पुल तक कार्रवाई करते हुए सड़क और पटरी पर बनी अस्थायी झुग्गी-झोपड़ियों सहित अन्य अवैध अतिक्रमण हटाए। इसके बाद दैनिक जागरण चौराहे से ओएमसीए होते हुए सिकन्दर बाग चौराहे तक अभियान चलाकर अस्थायी अतिक्रमण हटाया गया और करीब एक ट्रक सामान जब्त किया गया। इसी क्रम में यूपी टेक चौराहे से वन विभाग, बसन्त विहार होते हुए चिड़ियाघर गेट नंबर-2 तक सड़क-पटरी से अस्थायी अतिक्रमण हटाते हुए एक ट्रक सामान जब्त किया गया।
जोन-2 में कन्वेंशन सेंटर के आसपास, कुण्डरी रकाबगंज, बड़ा इमामबाड़ा, गैस कम्पनी पड़ावघर, पाण्डेयगंज, तालकटोरा मार्ग, नवयुग कन्या विद्यालय राजेन्द्र नगर, हैदरगंज तिराहा, बुलाकी अड्डा, एवरेडी तिराहा, बालाजी मंदिर कॉटन मिल तिराहा और कर्बला मैदान सहित विभिन्न क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। चारबाग क्षेत्र में गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान दो चालान करते हुए कुल 4,000 रुपये शमन शुल्क वसूला गया। जोन-3 में केशव नगर मोड़ से केशव पुलिस चौकी तक गंदगी फैलाने और प्रतिबंधित पॉलीथीन का प्रयोग करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया।
कार्रवाई के साथ लोगों को स्वच्छता बनाए रखने और प्रतिबंधित पॉलीथीन का इस्तेमाल न करने के लिए जागरूक किया गया। गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ 18 चालान करते हुए 12,500 रुपये शमन शुल्क वसूला गया। जोन-3 में प्रतिबंधित पॉलीथीन पाए जाने पर 10 चालान किए गए और 2,20,000 रुपये शमन शुल्क वसूला गया। जोन-5 में टी.एन. बाजपेई चौक, आलमबाग कोतवाली चौराहा तथा चारबाग से दुर्गापुरी मेट्रो स्टेशन के बीच सड़क की पटरी पर किए गए अस्थायी अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया गया।
सड़क-पटरी पर लगाए गए ठेले, ठेलिया, खुमचा, गुमटी और काउंटर आदि को हटाकर मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई के दौरान 10 ठेले, चार गुमटी और पांच काउंटर हटाए गए। इसके अलावा एक ठेला और एक काउंटर जब्त किया गया। अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई में 8,200 रुपये शमन शुल्क वसूला गया, जबकि गंदगी और प्रतिबंधित पॉलीथीन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 3,500 रुपये अतिरिक्त शमन शुल्क वसूला गया।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
