माल गोदाम-मधुवन कॉलोनी मार्ग पर जलभराव, समाधान की मांग
बदायूं। माल गोदाम से मधुवन कॉलोनी जाने वाले मार्ग पर जलभराव, गंदगी और चोक पड़ी नाला-नालियों के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के बाद सड़क पर जगह-जगह पानी जमा हो जाने से राहगीरों और वाहन चालकों की मुश्किलें बढ़ जाती हैं। वहीं नाला-नालियां चोक होने के कारण पानी की निकासी भी प्रभावित हो रही है।
इस मार्ग पर स्कूल और कोचिंग सेंटर होने के कारण दिनभर छात्र-छात्राओं समेत बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन रहता है। जलभराव के चलते सड़क के गड्ढों से हादसे की आशंका बनी रहती है। जलभराव और कीचड़ के बीच विद्यार्थियों को भी आने-जाने में परेशानी उठानी पड़ती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नाला-नालियों की नियमित सफाई नहीं होने से मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ रहा है, जिससे स्थिति गंभीर बनी हुई है।
ये खबर भी पढ़े : स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही पर डीएम का सख्त प्रहार, झोलाछाप डॉक्टरों पर चलेगा शिकंजाशहर में साफ-सफाई, सड़क और बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए चेयरपर्सन फात्मा रज़ा की ओर से विभिन्न स्तरों पर प्रयास किए जा रहे हैं। शहर के अधिकांश हिस्सों में व्यवस्थाएं ठीक होने के बावजूद स्थानीय लोगों का कहना है कि माल गोदाम-मधुवन कॉलोनी मार्ग पर विशेष ध्यान दिए जाने की जरूरत है। स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि मार्ग की चोक नाला-नालियों की सफाई कराकर जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त की जाए और सड़क की खराब स्थिति को भी ठीक कराया जाए।
चेयरपर्सन फात्मा रज़ा ने कहा कि शहर में साफ-सफाई, सड़क और जलनिकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। जहां भी नाला-नालियां चोक होने या जलभराव की समस्या सामने आ रही है, वहां आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी। माल गोदाम से मधुवन कॉलोनी मार्ग की समस्या का भी संज्ञान लेकर समाधान कराया जाएगा।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 10 वर्षों का अनुभव रखने वाले शारिक नसीर वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ के बदायूं ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय मुद्दों पर ज़मीनी पकड़ और तथ्यपरक कवरेज के साथ वह लगातार रिपोर्टिंग कर रहे हैं।
