सीबीआई ने वांछित विशाखा राठौड़ का यूएई से कराया प्रत्यर्पण
राठौड़ सोमवार को पुणे पहुंची, जहां महाराष्ट्र पुलिस की टीम ने हिरासत में लिया
- निवेशकों से धोखाधड़ी का आरोप, रकम हेरफेर करने का मामला
नई दिल्ली। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने वित्तीय धोखाधड़ी के एक मामले में वांछित महिला विशाखा राठौड़ को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से भारत सफल प्रत्यर्पण कराया है। राठौड़ सोमवार को पुणे पहुंची, जहां महाराष्ट्र पुलिस की टीम ने उसे हिरासत में ले लिया।
सीबीआई ने बुधवार को बताया कि विशाखा राठौड़ बड़े पैमाने पर वित्तीय धोखाधड़ी के मामले में वांछित थी। उस पर आरोप है कि उसने अन्य लोगों के साथ मिलकर निवेशकों को कई योजनाओं में निवेश करने के लिए झूठे वादे किए और निश्चित मासिक रिटर्न का आश्वासन दिया। बाद में उसने निवेशकों के धन का दुरुपयोग कर उसे कई बैंक खातों और डिमैट खातों के जरिए इधर-उधर कर दिया।
सीबीआई के मुताबिक इस मामले में पहले इंटरपोल के जरिए राठौड़ के खिलाफ रेड नोटिस जारी कराया गया था। सीबीआई ने कहा कि यह कार्रवाई विदेश मंत्रालय और गृह मंत्रालय के सहयोग से संभव हुई और यह अंतरराष्ट्रीय समन्वय का परिणाम है।
उल्लेखनीय है कि भारत ने 2019 से जुलाई 2026 के बीच 36 देशों से 274 भगोड़े अपराधियों को सफलतापूर्वक प्रत्यर्पण कराया है। केंद्र सरकार ने मंगलवार को बताया कि यह उन अपराधियों को न्याय के दायरे में लाने के लिए चलाए गए एक अभियान का हिस्सा है, जो विदेश में रहकर भारतीय कानून से बच रहे थे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
