हर घर तक पहुंचेगा राष्ट्रभक्ति का संदेश, 10 से 15 अगस्त तक जनपद में निकलेगी तिरंगा यात्रा : धर्मराज मौर्य
कौशाम्बी। जिले में भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष धर्मराज मौर्य ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान देश के प्रति सम्मान, राष्ट्रीय एकता और जनभागीदारी का महाअभियान है। यह केवल तिरंगा फहराने तक सीमित नहीं है, बल्कि हर नागरिक के मन में राष्ट्रभक्ति की भावना को प्रबल करने का संकल्प है। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि 10 से 15 अगस्त तक चलने वाले अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देते हुए हर घर तक तिरंगा और राष्ट्रप्रेम का संदेश पहुंचाएं।
भाजपा जिला कार्यालय मंझनपुर में आयोजित जिला कार्यशाला को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष ने कहा कि जनपद के सभी संगठनात्मक मंडलों और जिला स्तर पर तिरंगा यात्रा, जनसंपर्क अभियान तथा विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक कार्यकर्ता अपने क्षेत्र में लोगों को घर-घर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करेगा, ताकि स्वतंत्रता दिवस का यह पर्व पूरे उत्साह और गरिमा के साथ मनाया जा सके।
उन्होंने कहा कि भारत का राष्ट्रीय ध्वज हमारी आजादी, स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, बलिदान और देश की अखंडता का प्रतीक है। तिरंगा हमें यह संदेश देता है कि धर्म, जाति, भाषा और क्षेत्र की सीमाओं से ऊपर उठकर हम सब पहले भारतीय हैं। विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए प्रत्येक नागरिक को संविधान और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान का संकल्प लेना चाहिए।
कार्यशाला में काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी अवधेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान राष्ट्रभक्ति की भावना को घर-घर तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। इसके जरिए समाज के हर वर्ग को राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनने की प्रेरणा मिलेगी।
कार्यक्रम में अभियान की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। इस दौरान कार्यक्रम संयोजक एवं जिला महामंत्री जगदीश सरोज, सह संयोजक एवं जिला उपाध्यक्ष चक्रेश मिश्रा, कमलेश निषाद, दिनेश पाण्डेय, पूर्व विधायक लाल बहादुर, भरवारी नगर पालिका अध्यक्ष कविता पासी, प्रदीप कुमार (शीलू पाण्डेय), भोलेशंकर कुशवाहा, भूपेंद्र पटेल, ज्योति केसरवानी, राकेश पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, मंडल अध्यक्ष एवं मोर्चा पदाधिकारी उपस्थित रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पिछले छह वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय रोहित तिवारी कौशांबी में आधारित हैं और क्षेत्रीय मुद्दों की कवरेज में लगातार कार्य कर रहे हैं। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं।
