49 एफएमजी चिकित्सकों को मिला इंटर्नशिप पूर्णता प्रमाणपत्र, बोले प्राचार्य— चिकित्सा केवल पेशा नहीं, मानव सेवा का सर्वोच्च माध्यम
कौशाम्बी। जिले के स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, कौशाम्बी के लेक्चर थियेटर-2 में फॉरेन मेडिकल ग्रेजुएट (एफएमजी) जुलाई-2025 बैच की एक वर्षीय अनिवार्य इंटर्नशिप पूर्ण होने पर गरिमामय प्रमाणपत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में सफल इंटर्न चिकित्सकों को इंटर्नशिप कम्पलीशन सर्टिफिकेट प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य, विभागाध्यक्ष, वरिष्ठ चिकित्सक एवं संकाय सदस्य मौजूद रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए प्राचार्य प्रो. डॉ. हरिओम कुमार सिंह ने कहा कि इंटर्नशिप किसी भी चिकित्सक के जीवन का सबसे महत्वपूर्ण प्रशिक्षण चरण होता है। इस दौरान विद्यार्थियों ने केवल चिकित्सकीय ज्ञान को व्यवहारिक अनुभव से समृद्ध नहीं किया, बल्कि मरीजों के प्रति संवेदनशीलता, अनुशासन, सेवा-भाव और व्यावसायिक नैतिकता का भी उत्कृष्ट परिचय दिया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि महाविद्यालय में प्राप्त प्रशिक्षण और अनुभव इन युवा चिकित्सकों को कुशल, जिम्मेदार और मानवीय डॉक्टर बनने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
प्राचार्य ने सभी एफएमजी इंटर्न्स को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि चिकित्सा केवल रोजगार का साधन नहीं, बल्कि मानव सेवा का सर्वोच्च माध्यम है। उन्होंने चिकित्सकों से समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी, समर्पण और करुणा के साथ निर्वहन करने तथा अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग जनहित में करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि विदेशों से चिकित्सा शिक्षा प्राप्त कर भारत में अनिवार्य इंटर्नशिप पूरी करने वाले इन चिकित्सकों ने अस्पताल के विभिन्न विभागों में कार्य करते हुए मरीजों की सेवा, आपातकालीन चिकित्सा, सामुदायिक स्वास्थ्य कार्यक्रमों और नियमित चिकित्सकीय सेवाओं में सक्रिय एवं सराहनीय योगदान दिया। उनके समर्पण और कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए सभी को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
एफएमजी इंटर्न्स के नोडल प्रभारी डॉ. संतोष कुमार ने बताया कि जुलाई-2025 बैच के 49 प्रशिक्षु चिकित्सकों ने सफलतापूर्वक अपनी एक वर्षीय अनिवार्य इंटर्नशिप पूरी की, जिन्हें समारोह में इंटर्नशिप कम्पलीशन सर्टिफिकेट प्रदान किए गए।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पंकज कुमार तिवारी, वरिष्ठ परामर्शदाता डॉ. सुरभि प्रकाश, डॉ. अरिन्दम चक्रवर्ती, डॉ. रविरंजन सिंह, डॉ. शारदा सिंह, डॉ. विकास कुमार, सहायक आचार्य डॉ. नरेन्द्र कुमार, डॉ. अंकित तिवारी, डॉ. अरुण कुमार पाण्डेय, डॉ. संदीप कुमार सहित महाविद्यालय के अन्य संकाय सदस्य, चिकित्साधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पिछले छह वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय रोहित तिवारी कौशांबी में आधारित हैं और क्षेत्रीय मुद्दों की कवरेज में लगातार कार्य कर रहे हैं। वर्तमान में वह ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं।
