पर्यटन निगम ने शुरू किया वृहद पौधरोपण अभियान, 2500 पौधे लगाने का है लक्ष्य
वृक्षारोपण महाभियान-2026 के तहत पौधरोपण अभियान की शुरुआत
- पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल भी जरूरी: अपर मुख्य सचिव
लखनऊ। मुख्यमंत्री के आह्वान पर चल रहे वृक्षारोपण महाभियान-2026 के तहत रविवार को उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम लिमिटेड ने कल्ली पश्चिम क्षेत्र के देव सिंह खेड़ा स्थित निगम की भूमि पर वृहद पौधरोपण अभियान की शुरुआत की।
अभियान के अंतर्गत यहां कुल 2,500 पौधे लगाए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। कार्यक्रम का शुभारंभ अपर मुख्य सचिव, पर्यटन एवं संस्कृति अमृत अभिजात (आईएएस), पर्यटन निगम के प्रबंध निदेशक आशीष कुमार (आईएएस) तथा निदेशक पर्यटन (इको) पुष्प कुमार ने पौधरोपण कर किया।
इस दौरान पीपल, बरगद, आम, जामुन और अर्जुन सहित पर्यावरण के लिए उपयोगी विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए। अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता और जलवायु संतुलन बनाए रखने के लिए वृक्षारोपण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने सभी लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उन्हें वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखने का आह्वान किया।
इस अवसर पर पर्यटन निगम के प्रोजेक्ट मैनेजर अरविंद चौरसिया समेत अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी उत्साहपूर्वक पौधरोपण कर प्रदेश को हरित और पर्यावरण समृद्ध बनाने का संकल्प लिया। निगम की ओर से बताया गया कि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप चरणबद्ध तरीके से सभी 2,500 पौधे लगाए जाएंगे और उनकी नियमित देखभाल भी सुनिश्चित की जाएगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
