14 जून की प्रवक्ता भर्ती परीक्षा नकलविहीन कराने के निर्देश, केंद्रों पर रहेगी विशेष निगरानी
रामनाथ सिंह
बिजनौर। आगामी 14 जून को आयोजित होने वाली प्रवक्ता (पुरुष/महिला) प्रारंभिक परीक्षा-2025 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी जसजीत कौर ने कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। परीक्षा व्यवस्था में अव्यवस्था फैलाने अथवा अनुचित साधनों का प्रयोग करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने परीक्षा आयोजन से जुड़े सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को आयोग की हैंडबुक का गहन अध्ययन कर उसमें दिए गए निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही परीक्षा से पूर्व सभी परीक्षा केंद्रों का भौतिक सत्यापन कर कमियों को तत्काल दूर करने को कहा।
डीएम ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर क्लॉक रूम की व्यवस्था की जाए और परीक्षार्थियों से जमा सामान के बदले किसी प्रकार का शुल्क न लिया जाए। परीक्षा कार्य में लगे सभी कार्मिकों को समय से परिचय पत्र जारी करने तथा बिना पहचान पत्र किसी को भी परीक्षा केंद्र में प्रवेश न देने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों के प्रवेश और निकास द्वार, गलियारों तथा परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी कैमरे पूरी तरह क्रियाशील रहें। निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए जनरेटर की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए। सभी केंद्रों पर स्वच्छ पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम रखने के भी निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य विभाग को प्राथमिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा पुलिस विभाग को पर्याप्त पुलिस बल तैनात कर संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन अंशिका दीक्षित, जिला कृषि अधिकारी डॉ. घनश्याम वर्मा, सभी उप जिलाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
