दस लाख रुपये की रंगदारी मांगने व जान से मारने की धमकी का आरोप, एफआईआर दर्ज
पीड़ित बुजुर्ग ने निगोहां थाने में दी तहरीर......
निगोहां। लखनऊ,निगोहां थाना क्षेत्र के शेरपुर लवल गांव निवासी एक बुजुर्ग ने अपने पुत्र की वैवाहिक विवाद से जुड़े मामले को लेकर पुत्रवधू के भाई पर रंगदारी मांगने, गाली-गलौज करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
शेरपुर लवल निवासी बुजुर्ग वीरेंद्र कुमार मिश्रा ने निगोहां पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उनके पुत्र और पुत्रवधू के बीच कई मुकदमे विभिन्न न्यायालयों में विचाराधीन हैं। आरोप है कि मुकदमों को जबरन समाप्त कराने के लिए पुत्रवधू के परिजन लगातार दबाव बना रहे हैं।पीड़ित के अनुसार गुरुवार की सुबह वह दवा लेने निगोहां बाजार जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में पुत्रवधू का भाई अनुराग बाजपेई निवासी अमावा दोस्तपुर, थाना बछरावां मिला। आरोप है कि अनुराग ने उन्हें रोककर गाली-गलौज की और दस लाख रुपये देकर समझौता करने का दबाव बनाया।
विरोध करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी।तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि बीते मंगलवार की सुबह उनके पुत्र योगेश मिश्रा को सुदौली मोड़ पर रोककर अनुराग बाजपेई ने कथित रूप से धमकाया था। योगेश मिश्रा के अनुसार आरोपी ने विवाह संबंधी विवाद को लेकर दस लाख रुपये की मांग की और समझौता न करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी। साथ ही गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी गई।
पीड़ित बुजुर्ग वीरेंद्र कुमार मिश्रा ने पुलिस को दी शिकायत में आशंका जताई है कि आरोपी और उसके परिजन उनके परिवार को नुकसान पहुंचा सकते हैं। उन्होंने पुलिस से एफआईआर दर्ज कर परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। निगोहां थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की ओर से प्राप्त तहरीर की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
