धन के अभाव में किसी भी परियोजना का कार्य प्रभावित नहीं होना चाहिए - मंडलायुक्त
बस्ती - आयुक्त सभागार में मंडलायुक्त वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में एक करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली निर्माणाधीन परियोजनाओं की मंडलीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंडल के जनपदों में संचालित विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की परियोजनावार विस्तार से समीक्षा की गई।मंडलायुक्त ने संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधियों से परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि धन के अभाव में किसी भी परियोजना का कार्य प्रभावित नहीं होना चाहिए। बजट की आवश्यकता होने पर शासन को मांग पत्र समय से प्रेषित कर धनराशि की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जिन परियोजनाओं की प्रगति अपेक्षाकृत धीमी है, वहां कार्य की गति तत्काल बढ़ाई जाए तथा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप भौतिक प्रगति सुनिश्चित की जाए। परियोजनाओं को समय से पूर्ण कराने के लिए संबंधित अधिकारी नियमित रूप से प्रगति की समीक्षा करें और कार्य में आने वाली बाधाओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराएं।
मंडलायुक्त ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक परियोजना में शासन द्वारा निर्धारित मानकों एवं तकनीकी विशिष्टताओं का कड़ाई से पालन किया जाना चाहिए। संबंधित अधिकारी नियमित रूप से स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्य की गुणवत्ता, प्रगति एवं उपयोग की जा रही सामग्री का सत्यापन करें। किसी भी स्तर पर गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।उन्होंने अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही भौतिक एवं वित्तीय प्रगति में अपेक्षित तालमेल बनाए रखने तथा परियोजनाओं की प्रगति रिपोर्ट समय से उपलब्ध कराने को कहा।
बैठक का संचालन उप निदेशक अर्थ एवं संख्या पूनम ने किया। बैठक में संयुक्त विकास आयुक्त निर्मल कुमार द्विवेदी, मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, सिद्धार्थनगर के बलराम सिंह, संतकबीर नगर के जयकेश त्रिपाठी, संबंधित विभागों के मंडलीय अधिकारी तथा विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 10 वर्षों का अनुभव रखने वाले सर्वेश श्रीवास्तव उत्तर प्रदेश के बस्ती जनपद में ‘तरुणमित्र’ के ब्यूरो प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय मुद्दों पर ज़मीनी पकड़ और तथ्यपरक कवरेज उनके काम की पहचान है।
