जातिगत जनगणना की मौजूदा प्रक्रिया रद्द करे सरकार: जयराम रमेश
कांग्रेस बोली- जातिगत जनगणना के नाम पर सिर्फ व्हाइट वॉश कर रही सरकार
- बिहार और तेलंगाना में अपनाए गए सर्वेक्षण मॉडल को राष्ट्रीय स्तर पर लागू करने की मांग
नई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि जिस तरह से जातिगत जनगणना कराई जा रही है, वह केवल व्हाइट वॉश है और कांग्रेस इसे स्वीकार नहीं करेगी। जयराम रमेश ने जातिगत जनगणना की मौजूदा प्रक्रिया को रद्द करने की मांग करते हुए कहा कि बिहार और तेलंगाना में अपनाए गए सर्वेक्षण मॉडल को राष्ट्रीय स्तर पर लागू किया जाए।
जयराम रमेश ने आज यहां कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि 20 अगस्त को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी को जातिगत जनगणना के संबंध में 21 पन्नों का संयुक्त पत्र लिखा है। यह कांग्रेस की ओर से इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री को लिखा गया तीसरा पत्र है। इससे पहले 16 अप्रैल 2023 और 5 मई 2025 को भी खरगे ने पत्र लिखे थे लेकिन अब तक किसी का जवाब नहीं मिला।
उन्होंने कहा कि पार्टी लगातार मांग कर रही है कि इस विषय पर सभी राजनीतिक दलों और राज्य सरकारों से चर्चा की जाए और सामाजिक न्याय को ध्यान में रखकर जनगणना कराई जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार जानबूझकर इस मुद्दे पर चुप्पी साधे हुए है और ईमानदारी से जातिगत जनगणना नहीं कराना चाहती।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
