यूपी में 2027 में बनेगी सपा की पूर्ण बहुमत की सरकार: श्याम लाल पाल
प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल के प्रथम आगमन पर कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत
मोहम्मद अय्यूब, उतरौला संवाददाता
उतरौला (बलरामपुर)। उतरौला तहसील स्थित सपा नेता डॉ. एहसान खान के कार्यालय पर मंगलवार को समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल के प्रथम आगमन पर कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। सपा नेता डॉ एहसान खान, पूर्व विधायक अनवर महमूद खान के साथ सपा समर्थकों ने उनका गर्मजोशी से अभिनंदन किया।
भाजपा की तानाशाही से ऊब चुकी है जनता
सपा कार्यालय पर आयोजित 'पीडीए कार्यकर्ता सम्मेलन' को संबोधित करते हुए सपा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने सत्ताधारी दल पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि सत्तारूढ़ दल केवल नफरत की राजनीति कर समाज को बांटने का काम कर रहा है, जिससे जनता अब पूरी तरह ऊब चुकी है। उन्होंने विश्वास जताया कि 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में जनता समाजवादी पार्टी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने जा रही है। सपा शासनकाल के चौमुखी विकास को प्रदेश की जनता आज भी याद कर रही है।
बाढ़ व जर्जर व्यवस्था का स्थायी समाधान का वादा
कार्यक्रम में सपा नेता डॉ. एहसान खान ने क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि उतरौला विधानसभा क्षेत्र प्रतिवर्ष बाढ़ और कटान से भीषण रूप से प्रभावित होता है, जिससे किसानों की हजारों बीघा फसल नष्ट हो जाती है। इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्र की ध्वस्त विद्युत व्यवस्था और जर्जर सड़कों की स्थिति भी प्रमुखता से उठाई। उन्होंने वादा किया कि प्रदेश में सपा की सरकार बनते ही बाढ़ और कटान की समस्या का स्थायी समाधान कराया जाएगा।
डॉ. एहसान खान ने एकजुटता का संदेश देते हुए कहा, राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव उतरौला से जिसे भी प्रत्याशी बनाएंगे, हम सभी पूरी ईमानदारी से उसे चुनाव जिताकर विधायक बनाएंगे। हमारे लिए व्यक्तिगत विधायक बनने से ज्यादा महत्वपूर्ण प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाना है।"
सम्मेलन को गैसड़ी से विधायक राकेश यादव और पूर्व विधायक अनवर महमूद खान, मोहम्मद अबरार खान, मोहम्मद उमर खान, मोहम्मद हनीफ ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का कुशल संचालन सपा नेता मोहम्मद समी ने किया।
ये प्रमुख कार्यकर्ता रहे मौजूद कार्यक्रम के दौरान सपा जिलाध्यक्ष मणिक लाल कश्यप, पूर्व ब्लाक प्रमुख जमाल अख्तर, विधानसभा अध्यक्ष कृष्ण कुमार यादव, आबिद अली खान, महेश यादव, परसराम बौद्ध, असलम बब्बू, डॉ. वारिस अली, मोहम्मद फिरोज, आफाक रज़ा, मोहम्मद शाहिद, सिराजुद्दीन खान पप्पू, मोहम्मद अयूब, डॉ. सल्लू रायनी, मुनीर पाशा, अतीक अहमद और मोहम्मद अकरम समेत बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता व समर्थक मौजूद रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
