किसानों की आने वाली समस्याओं का त्वरित कराया जाय निस्तारण - गजेन्द्र मणि त्रिपाठी
बस्ती - सिंचाई बंधु की बैठक उपाध्यक्ष गजेन्द्र मणि त्रिपाठी की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक को सम्बोधित करते उन्होंने कहा कि हो रही वर्षा के दृष्टिगत जनपद में संचालित नहरों में जल उफान की स्थिति उत्पन्न हुई है ऐसी स्थिति में हो रहे रिसाव, अवैध कटों को तत्परतापूर्वक बंद कराया जाए, जिससे सिंचन जल का अनावश्यक बहाव न हो। उन्होंने सरयू नहर खण्ड-4, बस्ती के अधिशासी अभियन्ता/नोडल को निर्देशित किया कि संचालित सभी खण्ड के अभियंतागण अपने से सम्बन्धित नहरों की निगरानी सतर्कतापूर्वक करते रहें। किसानों की आने वाली समस्याओं का त्वरित निस्तारण करायें। अधिशासी अभियन्ता/नोडल दिनेश मोहन ने बताया कि सरयू नहर खण्ड-4 के अंतर्गत संतकबीरनगर में 1050 क्यूसेक तथा बस्ती में 430 क्यूसेक पानी पहुंचाया गया है। कुल 93 टेल में पानी पूरी तरह से उपलब्ध कराया गया है।
विधायक प्रतिनिधि रूधौली कुलदीप मौर्य ने सूरतगढ़ व शुमाली माइनर में पानी न पहुंचने की जानकारी दी और उसके बारे में अपडेट मांगा। उक्त क्रम में अधिशासी अभियन्ता/नोडल ने सहायक अभियंता के निर्देशन में गठित टीम के माध्यम से 10 सितम्बर को उक्त माइनरों का निरीक्षण कर तत्काल समाधान कराये जाने का आश्वासन दिया है।
विधायक प्रतिनिधि कप्तानगंज गुलाबचंद सोनकर ने अधिशासी अभियन्ता नलकूप के बैठक में स्वतः प्रतिभाग न करने पर कड़ी नाराजगी जतायी। उन्होंने पूर्व की बैठक में निर्देशित वित्तीय वर्ष 2024-25 तथा 2025-26 की परियोजनाओं पर किए गये व्यय की जानकारी व सूची की मांग किया। बैठक में उपस्थित सहायक अभियन्ता नलकूप ने बताया कि उक्त की सूची यथाशीघ्र उपलब्ध करा दी जायेगी। वर्तमान में 668 नलकूपों में से यांत्रिक दोष से 5 तथा विद्युत दोष से 4 नलकूप बंद है। कृषक हित में 659 नलकूप वर्तमान में संचालित हैं। बंद नलकूपों को शीघ्र संचलन की कार्यवाही की जा रही है।
उप निदेशक कृषि अशोक कुमार ने बताया कि किसानों के लिए तोरिया, चना, गेहूं, मटर के बीच किसानों को उपलब्ध कराने के लिए ऑनलाइन बुकिंग शुरू की गयी है। कृषकगण ऑनलाइन पोर्टल पर 30 सितम्बर तक अपना पंजीकरण करा सकते हैं। लक्ष्य के सापेक्ष पात्र कृषकों को सब्सिडीयुक्त बीज का वितरण किया जायेगा। इसके अलावा निर्धारित शुल्क पर भी पर्याप्त मात्रा में बीजों को उपलब्ध कराया जायेगा।जिला कृषि अधिकारी डॉ0 बाबूराम मौर्य ने बताया कि जनपद में उर्वरकों की पर्याप्त मात्रा उपलब्ध है, कोई कमी नहीं है। इसके अलावा कृषि यंत्रों पर रूपये 10000/- तक के कृषि यंत्र 50 प्रतिशत शासकीय अनुदान पर उपलब्ध कराया जा रहा है।
बैठक का संचालन सहायक अभियन्ता सरयू नहर खण्ड-4, विजय कुमार आर्य ने किया।
बैठक में सदर विधायक के प्रतिनिधि मो0 सलीम, परियोजना निदेशक आनन्द कुमार गुप्ता, वन विभाग से रेंजर शकील अहमद, दुर्गेश श्रीवास्तव के साथ ही विद्युत विभाग, भूगर्भ जल, गन्ना विभाग, बाढ़ खण्ड से सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 10 वर्षों का अनुभव रखने वाले सर्वेश श्रीवास्तव उत्तर प्रदेश के बस्ती जनपद में ‘तरुणमित्र’ के ब्यूरो प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं। क्षेत्रीय मुद्दों पर ज़मीनी पकड़ और तथ्यपरक कवरेज उनके काम की पहचान है।
