140 करोड़ देशवासियों की सेवा के लिए समर्पित भाजपा: पीएम मोदी
भाजपा के लिए सत्ता, संगठन, पद और प्रतिष्ठा का उद्देश्य केवल सेवा है : मोदी
नवसारी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का हर कार्यकर्ता दिन-रात लोगों की सेवा के लिए पूरी ताकत से जुटा रहता है। भाजपा के लिए सत्ता, संगठन, पद और प्रतिष्ठा का उद्देश्य केवल सेवा है।
नवसारी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं की पूरी मेहनत का एकमात्र उद्देश्य 140 करोड़ देशवासियों का कल्याण है। प्रधानमंत्री ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं से मिलना उनके लिए हमेशा उत्साह और आनंद का अवसर होता है। उन्होंने कहा कि नवसारी आना उनके लिए विशेष खुशी का विषय है और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद उन्हें नई ऊर्जा देता है।
मोदी ने अपने गुजरात के मुख्यमंत्रित्व काल के शुरुआती दिनों को याद करते हुए कहा कि उन्होंने भीषण गर्मी के बीच गांव-गांव जाकर बेटियों की शिक्षा के लिए लोगों को जागरूक किया था। उन दिनों कई गांवों में 24 घंटे बिजली तक उपलब्ध नहीं थी और 44 डिग्री सेल्सियस की गर्मी में उन्होंने गांवों का दौरा कर अभिभावकों को बेटियों को स्कूल भेजने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि उस समय किया गया यह जमीनी काम न तो अखबारों में प्रकाशित हुआ और न ही टेलीविजन पर दिखाई दिया लेकिन वह पूरी निष्ठा के साथ हर साल गांवों में जाते रहे। मोदी ने कहा, ‘‘सेवा कभी व्यर्थ नहीं जाती। समाज इतना उदार होता है कि वह सेवा का ऋण आशीर्वाद के रूप में लौटाता है।’’
प्रधानमंत्री ने कहा कि नवसारी में वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए शिविर लगाए गए हैं। कुपोषित बच्चों और गर्भवती महिलाओं को पोषण किट उपलब्ध कराने में समाज की भागीदारी हो रही है तथा क्षय रोग (टीबी) के मरीजों को भी पोषण सहायता दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों तक पहुंच रहा है और इसमें बिचौलियों की कोई भूमिका नहीं है। नवसारी में बड़ी संख्या में सुकन्या समृद्धि खाते खोले जाने और रेहड़ी-पटरी वालों को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत आसान ऋण उपलब्ध कराने का भी उन्होंने उल्लेख किया।
मोदी ने कहा कि रेहड़ी-पटरी और ठेला लगाने वाले पहले साहूकारों से ब्याज पर छोटी रकम लेने को मजबूर थे और कर्ज के बोझ तले दबे रहते थे। सरकार ने बिना गारंटी और बिना जमानत के बैंक के माध्यम से उन्हें ऋण उपलब्ध कराने तथा डिजिटल भुगतान की सुविधा देने की व्यवस्था की। उन्होंने कहा कि समय पर ऋण चुकाने वाले अनेक लाभार्थियों को बाद में 30 हजार और फिर 50 हजार रुपये तक का ऋण मिला।
प्रधानमंत्री ने नवसारी में चल रहे ‘स्वच्छता से स्वागत’ अभियान की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के कारण इस वर्ष नवरात्रि और दीपावली का उत्सव और भी भव्य दिखाई देगा। मोदी ने भाजपा कार्यकर्ताओं से नवसारी जिले को अपना परिवार मानकर काम करने का आह्वान किया।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
हर्षित साहू पिछले करीब दो वर्षों से ‘तरुणमित्र’ से जुड़े हुए हैं और बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। वह लखनऊ में आधारित हैं और समाचार लेखन के माध्यम से समसामयिक, सामाजिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी खबरें लिखते हैं।
