लखनऊ कमिश्नरेट में ‘ई-साक्ष्य ऐप’ पर विशेष प्रशिक्षण, डिजिटल विवेचना को मिलेगा नया बल
लखनऊ। पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ द्वारा डिजिटल विवेचना प्रणाली को और अधिक मजबूत एवं पारदर्शी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए “ई-साक्ष्य ऐप” विषय पर विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। रिजर्व पुलिस लाइन्स स्थित संगोष्ठी सदन में आयोजित इस एक दिवसीय कार्यशाला में थाना स्तर के अधिकारियों, कंप्यूटर ऑपरेटरों एवं सीसीटीएनएस कर्मियों को आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध एवं मुख्यालय) अपर्णा कुमार, संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) बबलू कुमार तथा पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) अमित कुमावत के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। कार्यशाला का संचालन सहायक पुलिस आयुक्त सौम्या पाण्डेय के पर्यवेक्षण में संपन्न कराया गया।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को डिजिटल साक्ष्य संकलन, ई-साक्ष्य ऐप के प्रभावी उपयोग तथा तकनीकी विवेचना में दक्ष बनाना था। प्रशिक्षण में कुल 108 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए।
ये खबर भी पढ़े : ऐपजा पत्रकार संघ तिकुनिया की नगर इकाई के गठन पर चीफ को-ऑर्डिनेटर अनुराग सारथी का भव्य स्वागतसीसीटीएनएस सेल के विशेषज्ञ प्रशिक्षकों अवनीश कुमार त्रिपाठी और भूपेंद्र प्रताप सिंह ने प्रतिभागियों को ई-साक्ष्य ऐप के तकनीकी एवं व्यवहारिक उपयोग की विस्तृत जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान डिजिटल साक्ष्य संकलन की प्रक्रिया, SID (System Identification Number) की महत्ता, डिजिटल साक्ष्यों के सुरक्षित अपलोड एवं संरक्षण तथा तकनीकी समस्याओं के समाधान पर विस्तार से चर्चा की गई।
अधिकारियों को बताया गया कि ई-साक्ष्य ऐप के उपयोग से विवेचना प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, तकनीकी रूप से सुदृढ़ और समयबद्ध बन सकेगी। इसके जरिए डिजिटल साक्ष्यों का सुरक्षित प्रबंधन और न्यायिक प्रक्रिया में तेजी लाने में भी मदद मिलेगी।
कमिश्नरेट लखनऊ ने भविष्य में भी साइबर अपराध, डिजिटल फॉरेंसिक, सीसीटीएनएस और ऑनलाइन विवेचना जैसे विषयों पर चरणबद्ध प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही है, ताकि पुलिस कर्मियों को आधुनिक तकनीकों में दक्ष बनाया जा सके।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पत्रकारिता में 17 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले शिशिर पटेल वर्तमान में ‘तरुणमित्र’ में पोर्टल इंचार्ज के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत ‘स्वतंत्र भारत’ से की और इसके बाद हिंदुस्तान तथा दैनिक जागरण जैसे प्रमुख समाचार पत्रों में ब्यूरो चीफ के रूप में काम किया। उत्तर प्रदेश में आधारित रहते हुए उन्हें समाचार संचालन, संपादन और डिजिटल मैनेजमेंट का व्यापक अनुभव है।
