गोमती चक्र सदियों से माना जाता है धन- सुख और सुरक्षा का प्रतीक!
गोमती चक्र : हिंदू धर्म और ज्योतिष शास्त्र में कुछ चीजों को सकारात्मक ऊर्जा और सुख समृद्धि का प्रतीक माना जाता है। इन्हीं में से एक है गोमती चक्र। यह छोटा सा पत्थर सदियों से धन, सुरक्षा और सफलता प्राप्ति में लाभदायक बताया जाता रहा है। मान्यता है कि इसके कुछ आसान उपाय आर्थिक परेशानी, करियर और व्यापार में आने वाली रुकावटों को दूर करने में मदद कर सकते हैं। चलिए जानते हैं इन उपायों के बारे में।
क्या है गोमती चक्र
यह प्राकृतिक पत्थर मुख्य रूप से द्वारका के पास बहने वाली गोमती नदी में मिलता है। इसकी एक सतह पर चक्र जैसा निशान बना होता है, इसलिए इसे गोमती चक्र कहा जाता है। ज्योतिष में इसे मां लक्ष्मी का प्रतीक माना जाता है। कहते हैं कि गोमती चक्र रखने से उस स्थान पर सकारात्मक ऊर्जा बनी रहती है।
धन लाभ के उपाय
अगर घर में पैसा टिकता नहीं है या बार-बार आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा हो, तो गोमती चक्र का उपाय लाभकारी माना जाता है। ज्योतिषाचार्यों के अनुसार, शुक्रवार के दिन 11 गोमती चक्र लाल या पीले कपड़े में बांधकर तिजोरी या धन रखने के स्थान पर रख दें। इससे बचत बढ़ने लगती है। इस उपाय को दीपावली और अक्षय तृतीया जैसे शुभ अवसरों पर करने का विशेष महत्व बताया गया है।
करियर में सफलता
कड़ी मेहनत के बावजूद अगर नौकरी या व्यापार में सफलता नहीं मिल रही हो, तो गोमती चक्र से जुड़ा यह उपाय करें। मान्यता है कि 3 या 5 गोमती चक्र पीले कपड़े में बांधकर दुकान या ऑफिस के मुख्य द्वार पर लगाएं। इससे पॉजिटिव एनर्जी बढ़ेगी और नई संभावनाएं मिलेंगी। इंटरव्यू, सौदे या जरूरी काम पर जाते समय एक गोमती चक्र अपने पास रखना भी शुभ माना जाता है।
नजर दोष से बचाव
ज्योतिष में गोमती चक्र को नजर दोष और नकारात्मक ऊर्जा से बचाने वाला भी माना गया है। मान्यता है कि किसी व्यक्ति को नजर लगी हो तो उसके ऊपर से 5 गोमती चक्र सात बार उतारकर सुनसान जगह पर फेंक देने से बुरी नजर का असर खत्म हो जाता है।
घर में सुख शांति
परिवार में बार-बार तनाव या विवाद की स्थिति बन रही हो, तो पूजा घर में भगवान विष्णु और मां लक्ष्मी के पास गोमती चक्र रखना शुभ माना जाता है। यह घर की कलह दूर करने में कारगर माना जाता है। इससे परिवार में सुख शांति बनी रहती है।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
सुभाष पांडेय एक सीनियर और अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें मीडिया क्षेत्र में 32 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। अपने लंबे करियर के दौरान उन्होंने समाचार लेखन, संपादन और रिपोर्टिंग के विभिन्न आयामों में कार्य करते हुए पत्रकारिता को मजबूत दिशा दी है।
