संत कबीर नगर, जनपद न्यायाधीश रणधीर सिंह के निर्देशन व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव अनन्या शाह के पहल पर शुक्रवार को लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के चीफ अन्जय कुमार श्रीवास्तव के अध्यक्षता में जिला कारागार में बंदी समस्या समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान कारागार में निरुद्ध एक बंदी ने कहा कि साहब सायकिल चोरी के आरोप में फंस गया हूँ, छुड़ा दीजिए।
बंदी समस्या समाधान दिवस में कारागार में निरुद्ध विभिन्न बंदियों ने अपनी समस्या रखी। घनघटा थानाक्षेत्र के घनघटा निवासी सिमदार ने कहा कि वह विगत 28 जुलाई से साइकिल चुराने व बरामदगी के मामले में जेल में निरुद्ध है। उन्होंने निःशुल्क पैरवी करने वाले अधिवक्ता की मांग किया। कोतवाली खलीलाबाद के उतरावल निवासी अजय कुमार ने कहा कि उसे गांजा रखने के जुर्म में गिरफ्तार किया गया है। कोर्ट से जमानत हो चुकी है। उसकी रिहाई सत्यापन के वजह से रुकी हुई है। इसी प्रकार महराजगंज जिले व कोतवाली महराजगंज के थरूआ गांव निवासी जितेंद्र गिरी ने कहा कि उसकी गिरफ्तारी धर्मसिंहवा थानाक्षेत्र में तमंचा व कारतूस रखने के जुर्म में की गई है। न्यायालय द्वारा जमानत मंजूर हो चुकी है। जमानतदार के अभाव में रिहाई नही हो पा रही है। घनघटा थानाक्षेत्र के रामपुर मध्य गांव निवासी रामानंद ने कहा कि गांजा रखने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। वह भी जमानतदार के अभाव में नही छूट पा रहा है। इसी प्रकार दर्जनों बंदियों ने अपनी समस्या रखी, जिसके नियमानुसार निराकरण के लिए आश्वस्त किया गया। इस दौरान मुख्य रुप से लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के चीफ अन्जय कुमार श्रीवास्तव, डिप्टी संजीव कुमार पांडेय, असिस्टेंट डिफेंस काउंसिल प्रज्ञा श्रीवास्तव, डिप्टी जेलर मोतीलाल वर्मा, जेल पैरा लीगल वालंटियर सुनील कुमार समेत अनेक बंदी मौजूद रहे।